देश की खबरें | कर्नाटक : श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक कारकला से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिणपंथी संगठन श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने सोमवार को कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ और हिन्दुत्व के लिए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कारकला विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
उडुपी (कर्नाटक), 23 जनवरी दक्षिणपंथी संगठन श्रीराम सेना के प्रमुख प्रमोद मुतालिक ने सोमवार को कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ और हिन्दुत्व के लिए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कारकला विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
राज्य में विधानसभा चुनाव मई में होने की संभावना है।
मुतालिक ने कहा, ‘‘कार्यकर्ताओं के दबाव में मैंने कारकला विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। मैं विधानसभा क्षेत्र का सात-आठ बार दौरा कर चुका हूं और सभी का विचार है कि मुतालिक को चुनाव लड़ना चाहिए क्योंकि क्षेत्र में हिन्दुओं के खिलाफ अन्याय हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है।’’
यहां पत्रकारों से बातचीत में मुतालिक ने कहा कि वह चुनाव इसलिए लड़ रहे हैं ताकि ईमानदारी से हिन्दुत्व के लिए और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे चुनाव लड़ने का लक्ष्य हिन्दुओं को न्याय और सम्मान दिलाना होगा।’’
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में मुतालिक ने कहा था कि उनके सहित 25 हिन्दूवादी हिन्दुओं की रक्षा के लिए 2023 विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उतरेंगे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके (हिन्दुओं के) समर्थन से सत्ता में आयी भाजपा हिन्दुत्व की रक्षा करने में असफल रही है।
कारकला उडुपी जिले का हिस्सा है और फिलहाल भाजपा के वी. सुनील कुमार वहां से विधायक और राज्य के ऊर्जा मंत्री हैं। वह कारकला सीट से 2004, 2013 और 2018 में निर्वाचित हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)