बागलकोट, 15 जुलाई कर्नाटक के बागलकोट जिले में शुक्रवार को उस समय ‘हाई-वोल्टेज’ ड्रामा देखने को मिला, जब एक दंगा पीड़ित की बहन ने कांग्रेस नेता सिद्दरमैया द्वारा दी जा रही मुआवजा राशि स्वीकार करने से इनकार कर दिया और इंसाफ की मांग करते हुए उसे पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर फेंक दिया।
यह घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब सिद्दरमैया दंगे में घायल लोगों से मिलने के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे थे।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया, जिसे लेकर एक हिंदू और एक मुस्लिम परिवार नाराज हो गया और दोनों ने इंसाफ दिलाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि सिद्दरमैया जब एक घायल युवक को मुआवजा राशि देने के बाद लौटने लगे तो उसकी बहन भड़क गई और कहा कि उसे पैसे नहीं, इंसाफ चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता ने नजमा नामक महिला को शांत कराया और वहां से जाने लगे। हालांकि, महिला सिद्दरमैया की कार के पीछे दौड़ी और मुआवजा राशि उनके काफिले पर फेंक दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि बागलकोट जिले के करुर शहर में हुई हिंसा के तुरंत बाद कोई भी नेता पीड़ितों से मिलने नहीं आया। उसने कहा, “हिंदुओं और मुसलमानों को इंसाफ चाहिए। हमें एक मां के बच्चों की तरह रहना है। किसी को भी ऐसी तकलीफ से न गुजरना पड़े, जैसी तकलीफ से हम गुजर रहे हैं।”
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्दरमैया ने कहा कि किसी ने महिला को उकसाया होगा। उन्होंने दावा किया कि महिला के परिवार ने बाद में मुआवजा राशि स्वीकार कर ली।
सिद्दरमैया ने कहा, “उन्हें रकम दी जा चुकी है। यह इंसानियत के नाते दी गई थी। ऐसा नहीं है कि इससे उनकी सारी परेशानियां हल हो जाएंगी।”
उन्होंने कहा, “हम जनप्रतिनिधि यहां यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि ऐसी कोई भी घटना न हो। लोगों को मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से सवाल करने चाहिए। उन्हें उन लोगों से इंसाफ मांगना चाहिए।”
वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता की तुष्टीकरण की राजनीति ने महिला को भड़का दिया, जिसने उनके काफिले पर पैसे फेंक दिए।
पार्टी ने ट्वीट किया, “सिद्दरमैया ने ‘सिद्दरमोत्सव अभियान’ के तहत मिले चंदे का इस्तेमाल अपना गौरव दिखाने के लिए किया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY