देश की खबरें | कर्नाटक महिला कांग्रेस ने पार्टी से विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कम से कम 30 टिकट देने को कहा

बेंगलुरु, 11 जनवरी कांग्रेस की कर्नाटक प्रदेश महिला इकाई ने बृहस्पतिवार को पार्टी से आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को कम से कम 30 टिकट देने का आग्रह किया।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा अमरनाथ ने कहा, "टिकट के लिए 109 आवेदन आए हैं, लगभग 74 निर्वाचन क्षेत्रों में महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए पड़ताल की जा रही है। महिला विधायकों के साथ मैंने हाल में बेलगावी में पार्टी की चुनावी बैठक में भाग लिया था, जहां मैंने कम से कम 30 महिलाओं को टिकट देने का अनुरोध किया।"

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि जीतने की क्षमता टिकट वितरण का मानदंड होगी।

पुष्पा ने कहा, "लेकिन, महिलाओं से इतने आवेदन प्राप्त होना अपने आप में एक क्रांति है, टिकट मांगने के लिए जागरूकता है, यह एक अच्छा संकेत है।"

राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए मई तक चुनाव होगा।

वर्तमान विधानसभा में 11 महिला सदस्यों में से छह कांग्रेस से, तीन भाजपा से, एक जद (एस) से और एक मनोनीत हैं।

इस बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 16 जनवरी को यहां एक महिला सम्मेलन को संबोधित करने वाली हैं, जिसका उद्देश्य कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं का समर्थन जुटाना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)