बेंगलुरु, 14 जनवरी कर्नाटक विधानसभा में निर्दलीय विधायक एच नागेश और जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व विधायक वाई एस वी दत्ता शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
राज्य में इस साल मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।
पूर्व मंत्री नागेश अबतक राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का समर्थन कर रहे थे जबकि दत्ता पूर्व में जद(एस) सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के करीबी रहे हैं।
दोनों नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के.शिवकुमार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया और अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
मुलबागल विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे नागेश ने वर्ष 2018 में जद(एस)-कांग्रेस गठबंधन सरकार का समर्थन किया था और एच डी कुमारस्वामी नीत सरकार में लघु उद्योग मंत्री थे।
कांग्रेस और जद (एस) के कुछ विधायकों द्वारा पाला बदलने और विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद कुमारस्वामी सरकार गिर गई थी और नागेश ने भी अपना समर्थन वापस ले लिया था और बाद में उन्होंने भाजपा सरकार का समर्थन किया।
वह बाद में बीएस येदियुरप्पा नीत भाजपा सरकार में आबकारी मंत्री बने और जनवरी 2021 में उन्हें मंत्रिमंडल से हटाकर बी आर आम्बेडरक विकास निगम का अध्यक्ष नामित किया गया।
नागेश ने कहा कि वह मुलबागल से ही आगामी विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी बनने की उम्मीद कर रहे हैं।
दत्ता चिक्कमगलुरु के कादूर से पूर्व विधायक रह चुके हैं और पिछले महीने ही उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की थी। उन्हें कादूर से ही कांग्रेस का टिकट दिए जाने की उम्मीद है।
दत्ता ने संवाददाताओं से कहा कि वह कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं क्योंकि यह समान विचार वाली पार्टी है और उनकी विचारधारा के अनुरूप है। उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में हम पार्टी की जीत के लिए काम करेंगे।’’
शिवकुमार ने कहा कि इन दोनों नेताओं का पार्टी में शामिल होना महज शुरुआत है और आने वाले दिनों में और नेता कांग्रेस में शामिल होंगें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY