पणजी, नौ अगस्त कांग्रेस की गोवा इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल पी.एस.श्रीधरण से मुलाकात कर दावा किया कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक महादयी नदी पर बांध बनाने की योजना बना रहा है जो उच्चतम न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है। पार्टी ने साथ ही इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की।
दोनों राज्य के बीच महादयी नदी के जल बंटवारे को लेकर विवाद है और इस नदी को गोवा की जीवनरेखा माना जाता है।
गोवा ने कर्नाटक पर बिना प्राधिकार नदी के पानी को मोड़ने के लिए निर्माण करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने गोवा के राज्यपाल से मांग की कि वह कर्नाटक के उस स्थान का दौरा करें जहां पर सरकार ने बांध बनाने की योजना बनाई है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे गोवा कांग्रेस के प्रमुख अमित पतकार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमने ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया कि गोवा की जनता भयभीत और विचलित है और गोवा सरकार द्वारा महादयी नदी की रक्षा के लिए सक्रिय कदम उठाने में असफलता से चिंतित है।’’
कांग्रेस ने दावा किया कि कर्नाटक महादयी बेसिन के पानी को मोड़ने के लिए बांध बना रहा है जबकि गोवा सरकार उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना पर ‘‘मूक दर्शक’’ बनी हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY