देश की खबरें | कर्नाटक सरकार ने शुरू की राजीव गांधी पंचायत राज अध्येतावृत्ति योजना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने शनिवार को कहा कि राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने ‘‘राजीव गांधी पंचायत राज अध्येतावृत्ति’’ कार्यक्रम लागू किया है।
बेंगलुरु, 25 जनवरी कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने शनिवार को कहा कि राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने ‘‘राजीव गांधी पंचायत राज अध्येतावृत्ति’’ कार्यक्रम लागू किया है।
प्रियांक खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पंचायत राज (अध्येतावृत्ति) प्रयोग देश में अपनी तरह का पहला प्रयोग है और इसकी घोषणा पिछले बजट में की गई थी।
राज्य के पंचायत राज मंत्री प्रियांक खरगे ने अपने पोस्ट में लिखा,‘‘कल्याण कर्नाटक के पिछड़े क्षेत्र में स्थानीय शासन को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्साही और प्रतिभाशाली युवा समुदाय को पंचायत राज व्यवस्था में काम करने का अवसर दिया गया है।’’
उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में रुचि रखने वाले स्नातकों के लिए यह एक अच्छा अवसर है।
खरगे ने कहा, ‘‘अध्येतावृत्ति प्राप्त करने वालों को कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के सामाजिक, भौगोलिक, आर्थिक और प्रशासनिक संदर्भ को समझना होगा तथा जिला प्रशासन के साथ सक्रिय होना होगा।’’
कांग्रेस नेता ने बताया कि उन्होंने अध्येतावृत्ति प्राप्त करने वाले 44 प्रशिक्षुओं के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुति बैठक में भाग लिया।
खरगे ने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि इन उत्साही लोगों ने कुछ ही महीनों में इतना अच्छा काम किया है।
कांग्रेस नेता के अनुसार अध्येतावृत्ति प्राप्त करने वालों ने कल्याण कर्नाटक के गांवों में 39 जागरुकता केन्द्रों को पुनः शुरू किया है तथा 116 अनाथालयों को पुनः खोला है, जो उपेक्षा के कारण बंद कर दिए गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)