देश की खबरें | कर्नाटक : बैंक डकैती मामले में 18 किलो सोना और नकदी के साथ चारों डकैत गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कन्नड़ के उल्लाल में एक सहकारी बैंक में 17 जनवरी को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने चारों डकैतों को गिरफ्तार कर उनके पास से 18 किलो से ज्यादा सोना और 3.8 लाख रुपए नकद बरामद किया है।
मंगलुरु, 27 जनवरी दक्षिण कन्नड़ के उल्लाल में एक सहकारी बैंक में 17 जनवरी को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने चारों डकैतों को गिरफ्तार कर उनके पास से 18 किलो से ज्यादा सोना और 3.8 लाख रुपए नकद बरामद किया है।
मंगलुरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि 17 जनवरी, 2025 को दोपहर करीब एक बजे कोटेकर व्यवसाय सेवा सहकारी संघ (एन) की तालापाडी शाखा में चार नकाबपोशों ने धावा बोला और हथियार के दम पर बैंक से नकदी और सोने के गहने लूट लिए।
उन्होंने बताया कि जांच में बैंक में सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव में कमी और मास्टर लॉकर खुले होने जैसी लापरवाही भी सामने आई जिससे डकैतों को मदद मिली।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान कन्नन मणि (36 वर्ष), मुरुगंडी थेवर (36 वर्ष), योसुवा राजेंद्रन (35 वर्ष), और एम. शणमुगासुंदरम (65 वर्ष) के रूप में हुई है।
अग्रवाल ने बताया कि कन्नन मणि को 20 जनवरी को तिरुवन्नामलाई से गिरफ्तार किया गया। मुरुगंडी थेवर और योसुवा राजेंद्रन को 20 जनवरी को अंबा समादरमम से और एम. शणमुगासुंदरम को 23 जनवरी को अंबा समादरमम से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों ने छह महीने पहले तालाजा जेल में एक स्थानीय सहयोगी शशि थेवर के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई थी। मुरुगंडी थेवर और अन्य ने तीन बार बैंक की रेकी की थी।
पुलिस शशि थेवर की तलाश कर रही है।
अग्रवाल ने बताया कि 16 और 17 जनवरी को, मुरुगंडी और तीन आरोपी मुंबई के तिलक नगर से फिएट कार में निकले थे जबकि कन्नन मणि और एक अन्य आरोपी ट्रेन से मंगलुरु पहुंचे थे। उन्होंने कार की नंबर प्लेट दो बार बदली थी। सभी आरोपी सुरथकल में मिले और बैंक लूटा। लूट के बाद मुरुगंडी थेवर और योसुवा राजेंद्रन फिएट कार से तालापाडी गेट के रास्ते केरल भाग गए जबकि तीन अन्य आरोपी ऑटो, बस और ट्रेन से शहर से भाग निकले।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 18.314 किलोग्राम सोना और 3,80,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने दो पिस्तौल, तीन कारतूस, दो तलवारें और फिएट कार भी बरामद की हैं।
अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और स्थानीय लोगों की भूमिका के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)