देश की खबरें | कर्नाटकः भाजपा की कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे ईश्वरप्पा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने शनिवार को कहा कि वह निजी कारणों के चलते होसपेट में पार्टी की दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं होंगे। ईश्वरप्पा ने एक सिविल ठेकेदार को आत्महत्या के लिये उकसाने के आरोप लगने के बाद मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया था।
शिवमोगा (कर्नाटक), 16 अप्रैल कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने शनिवार को कहा कि वह निजी कारणों के चलते होसपेट में पार्टी की दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं होंगे। ईश्वरप्पा ने एक सिविल ठेकेदार को आत्महत्या के लिये उकसाने के आरोप लगने के बाद मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया था।
विजयनगर जिले के होसपेट में शनिवार से दो दिवसीय सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई है, जिसमें रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा शामिल होंगे।
मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अपनी अगली जिम्मेदारी या कदम के बारे में उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह पार्टी के फैसले का पालन करेंगे।
ईश्वरप्पा ने कहा, ''मेरे घर में पोते की शादी से संबंधित कई कार्यक्रम चल रहे हैं, इसलिए मैं (राज्य कार्यकारिणी की बैठक में) नहीं जा रहा हूं। मैंने इस बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को जानकारी दे दी है।''
ईश्वरप्पा ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह 19 अप्रैल को बेल्लारी में पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसके तहत भाजपा के नेता 2023 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर टीम बनाकर राज्यव्यापी यात्रा करेंगे।
इससे पहले दिन में, विभिन्न मठों के संतों ने यहां ईश्वरप्पा के आवास पर उनसे मुलाकात की।
ठेकेदार की मौत को लेकर हुए राजनीतिक हंगामे के बाद, ईश्वरप्पा ने शुक्रवार रात ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज (आरडीपीआर) मंत्री के पद से अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को सौंप दिया था।
ईश्वरप्पा ने एक बार फिर इसे साजिश करार देते हुए कहा कि शुरू में उन्हें लगा था कि संतोष पाटिल ने इस डर से आत्महत्या कर ली होगी कि उसने मुझपर भ्रष्टाचार के जो आरोप लगाए थे, उन्हें लेकर मैं उसे अदालत के माध्यम से मानहानि नोटिस भेज सकता हूं, लेकिन बाद में और सूचना मिलने पर उन्हें संदेह हुआ कि यह आत्महत्या है या हत्या।
उन्होंने कहा, ''मैंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जांच जल्द पूरी हो और साजिश में शामिल व्यक्तियों और पक्षों के बारे में तथ्यों के साथ रिपोर्ट सामने आए, और दोषियों को दंडित किया जाए।''
उन्होंने कहा कि वह मृतक ठेकेदार के प्रति सहानुभूति रखते हैं और उन्हें लगता है कि साजिशकर्ताओं ने उसका गलत इस्तेमाल किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)