कर्नाटक कांग्रेस ने गरीबों को मुफ्त में वितरित किए जाने वाले राशन को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
राज्य के मुख्य विपक्षी दल ने खाद्यान्न का 'अवैध भंडारण' करने के मामले में जांच की मांग करते हुए इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
बेंगलुरु, 24 अप्रैल कर्नाटक कांग्रेस ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर लागू देशव्यापी लॉकडाउन के कारण प्रभावित गरीबों को मुफ्त राशन वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कुछ भाजपा नेताओं पर अवैध रूप से 1,879 क्विंटल चावल की जमाखोरी करके पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के व्यापारियों को बेचने का आरोप लगाया।
राज्य के मुख्य विपक्षी दल ने खाद्यान्न का 'अवैध भंडारण' करने के मामले में जांच की मांग करते हुए इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा, '' कांग्रेस कोविड-19 से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने वाले पारदर्शी और उचित फैसलों का हमेशा सहयोग करती रही है। यह (सरकार) अपनी सीमा में रहकर काम कर रही है...., लेकिन चीजों को लागू करने में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार देखा जा सकता है।''
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुझे इस बात का पक्का पता नहीं है कि मुख्यमंत्री इन चीजों से अवगत है अथवा नहीं, लेकिन उन्हें जानकारी देना मेरा कर्तव्य है।
शिवकुमार ने आरोप लगाया कि हरियाणा से आया 1,879 क्विंटल चावल गरीबों में मुफ्त वितरित किया जाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस खाद्यान्न का भाजपा के कुछ सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु की सीमा से तीन-चार किलोमीटर दूर स्थित सरजापुरा इलाके में इसका अवैध भंडारण कर लिया।
उन्होंने कहा कि सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने लोगों से इसका पता लगाया।
शिवकुमार ने अपने आरोपों के पक्ष में कुछ वीडियो और तस्वीरें भी जारी कीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2020 08:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

