बेंगलुरु, आठ मार्च कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कोप्पल जिले में एक विदेशी नागरिक समेत दो महिलाओं के साथ हुए ‘‘बलात्कार’’ की घटना की शनिवार को निंदा की और आश्वासन दिया कि उनकी सरकार राज्य में आने वाले पर्यटकों समेत सभी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कोप्पल जिले के सनापुर में इजरायली नागरिक और ‘होमस्टे’ मालकिन पर हमले और बलात्कार को ‘सबसे जघन्य कृत्य’ करार दिया।
सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, मैंने संबंधित पुलिस से जानकारी प्राप्त की, गहन जांच की और उन्हें अपराधियों की शीघ्र पहचान करने के निर्देश दिए।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने मामले के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच चल रही है।
उन्होंने आश्वासन दिया, ‘‘हमारी सरकार राज्य में आने वाले पर्यटकों समेत सभी को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।’’
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात हम्पी के पास 27 वर्षीय इजरायली पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया और उन पर हमला किया गया।
महिलाओं के साथ मौजूद तीन पुरुष पर्यटकों पर भी हमला किया गया और उन्हें नहर में धकेल दिया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई।
पुलिस ने तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है और तीसरे संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY