अगरतला, 14 मई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो के सदस्य माणिक सरकार ने रविवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक ‘‘बड़ी हार’’ है, जिन्होंने खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तारणहार के रूप में ‘पेश’ किया था।
कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीट जीती हैं, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा को 66 सीट मिलीं।
सरकार ने संवाददाताओं से यहां कहा, ‘‘कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम मोदी जी के लिए एक बड़ी हार है, जिन्होंने खुद को भगवा दल के तारणहार के रूप में पेश किया था। उनके पूरा प्रयास करने के बावजूद दक्षिणी राज्य के 64 फीसदी लोगों ने भाजपा के खिलाफ मतदान किया।’’
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल से प्रधानमंत्री यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे थे कि कर्नाटक में भाजपा की सत्ता बरकरार रहे। उन्होंने खुद 30 कार्यक्रमों में शिरकत की। जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्हें मतदाताओं को यह विश्वास दिलाना पड़ा कि भाजपा के पक्ष में मतदान का मतलब मोदी का समर्थन करना है।’’
सरकार ने निर्णायक जनादेश देने के लिए कर्नाटक की जनता को बधाई देते हुए कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से कांग्रेस को चुनाव में लाभ मिला।
सरकार ने दावा किया, ‘‘भाजपा ने गुजरात चुनाव सांप्रदायिक कार्ड खेलकर जीता, लेकिन इसे हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव और दिल्ली शहरी निकाय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम में भाजपा को 180 में से 46 सीट मिलीं। त्रिपुरा में इसके वोट प्रतिशत में 11 फीसदी की कमी आई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY