जरुरी जानकारी | कारगिल ने बढ़ती मांग पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश में नया कॉर्न मिलिंग संयंत्र शुरू किया

मुंबई, 10 मार्च प्रमुख वैश्विक खाद्य कंपनी, कारगिल ने सोमवार को कहा कि उसने घरेलू बाजार में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक नए ‘कॉर्न मिलिंग संयंत्र’ का उद्घाटन किया है।

इस प्रमुख वैश्विक खाद्य कंपनी ने बयान में कहा कि यह सुविधा सात्विक एग्रो प्रोसेसर्स के साथ एक व्यवस्था के तहत स्थापित की गई है। यह सुविधा 500 टन प्रति दिन की शुरुआती उत्पादन क्षमता के साथ स्टार्च डेरिवेटिव का उत्पादन करेगी, जिसे प्रतिदिन 1,000 टन तक बढ़ाया जा सकता है।

यह सुविधा कारगिल की वैश्विक उत्पाद क्षमताओं, ग्राहक नेटवर्क और बाजार पहुंच के अवसरों को स्थानीय विनिर्माण क्षमताओं और भारतीय भागीदार की परिचालन जानकारी के साथ जोड़ती है ताकि भारत में अपने खाद्य विनिर्माण ग्राहकों को सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाले समाधान की निरंतर आपूर्ति हो सके।

यह संयंत्र कारगिल के लिए एक विशेष व्यवस्था के आधार पर संचालित होगा, जो कंपनी के कड़े वैश्विक खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का पालन करेगा।

संयंत्र का उद्घाटन -कारगिल के खाद्य एपीएसी के समूह अध्यक्ष जॉन फेरिंग और खाद्य दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक एवं कारगिल इंडिया के अध्यक्ष, साइमन जॉर्ज ने किया।

जॉर्ज ने कहा, ‘‘ग्वालियर का यह संयंत्र हमें भारत में अपने विनिर्माण नेटवर्क को मजबूत करने की अनुमति देता है ताकि उत्तर और पश्चिम भारत के ग्राहकों को अधिक प्रतिस्पर्धी रूप से सेवा प्रदान की जा सके और आपूर्ति श्रृंखला दक्षताओं को बढ़ाया जा सके जिससे पूरे खाद्य पारिस्थितिकी तंत्र को लाभ हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)