देश की खबरें | कंगना रनौत ने जवान के लिए की शाहरुख की तारीफ, कहा 'आपकी लगन, मेहनत और विनम्रता को नमन'

मुंबई, आठ सितंबर फिल्म 'जवान' में शाहरुख खान के अभिनय की तारीफ करते हुए अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि शाहरुख को सिर्फ गले लगाने या फिर गालों पर डिंपल पड़ने के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया को बचाने का संदेश देने के लिए भी सिनेमा का किंग कहा जाता है।

'पठान' के बाद शाहरुख खान की साल 2023 की दूसरी फिल्म और एटली के निर्देशन में बनी 'जवान' बृहस्पतिवार को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

कंगना ने बृहस्पतिवार शाम को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट पोस्ट किया और शाहरुख की मेहनत और लगन की सराहना की।

उन्होंने लिखा कि शाहरुख सिनेमा के किंग हैं, जिनकी सिनेमा को जरूरत है और वो भी उनके गले लगाने या फिर गालों पर डिंपल के लिए नहीं बल्कि दुनिया को बचाने का संदेश देने के लिए।

कंगना ने लिखा, ‘‘आपकी लगन, मेहनत और विनम्रता को नमन किंग खान।''

भारत में हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज हुई 'जवान' एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। फिल्म एक ऐसे व्यक्ति के भावनात्मक सफर को बयां करती है, जो समाज की कुरितियों को ठीक करना चाहता है।

फिल्म में विजय सेतुपति और नयनतारा भी मुख्य भूमिका में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)