खेल की खबरें | जुयाल के नाबाद शतक और रिंकू की तूफानी पारी ने जगाई उत्तर प्रदेश की उम्मीद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान आर्यन जुयाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नाबाद शतक जमाया, जबकि रिंकू सिंह ने तूफानी पारी खेली जिससे उत्तर प्रदेश ने शनिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के तीसरे दिन हरियाणा के 453 के जवाब में छह विकेट पर 267 रन बनाए।
लखनऊ, 20 अक्टूबर कप्तान आर्यन जुयाल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नाबाद शतक जमाया, जबकि रिंकू सिंह ने तूफानी पारी खेली जिससे उत्तर प्रदेश ने शनिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के तीसरे दिन हरियाणा के 453 के जवाब में छह विकेट पर 267 रन बनाए।
रिंकू ने 110 गेंदों में 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। बंगाल के खिलाफ पिछले मैच में आठ रन से शतक से चूकने वाले जुयाल 118 रन बनाकर खेल रहे हैं। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका चौथा शतक है। उन्होंने अभी तक 196 गेंद का सामना करके 13 चौके और एक छक्का लगाया है।
हरियाणा के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। रिंकू ने उनकी गेंदों खूब धुनाई की। हरियाणा की तरफ से अभी तक अमन कुमार, हर्षल पटेल और जयंत यादव ने दो-दो विकेट लिए हैं।
ग्रुप सी में ही मुल्लांपुर में खेले जा रहे मैच में सलामी बल्लेबाज जसकरनवीर सिंह पॉल ने पदार्पण मैच में नाबाद 117 रन बनाकर पंजाब को मध्य प्रदेश के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पहली पारी में 70 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने वाले पंजाब ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 265 रन बनाए हैं जिससे उसकी कुल बढ़त 335 रन की हो गई है।
जसकरनवीर ने अभी तक अपनी 273 गेंद की पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया है। उनके अलावा अनमोलप्रीत सिंह ने 72 रन की शानदार पारी खेली।
उधर अलूर में बारिश से प्रभावित मैच में केरल ने कर्नाटक के खिलाफ तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 161 रन बनाए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 20, 2024 06:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

