नयी दिल्ली, 23 अगस्त कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव ने बुधवार को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया।
अधिकरण के सूत्रों ने बताया कि न्यायमूर्ति श्रीवास्तव की नियुक्ति को केंद्र सरकार की मंत्रिमंडल नियुक्ति समिति ने 14 अगस्त को मंजूरी दी थी।
न्यायमूर्ति श्रीवास्तव ने दिल्ली के कॉपरनिकस मार्ग स्थित एनजीटी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पद की शपथ ली। एनजीटी के निवर्तमान कार्यवाहक अध्यक्ष न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह ने इसके बाद स्वागत भाषण दिया।
न्यायमूर्ति श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में रेखाकिंत किया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 में स्वस्थ पर्यावरण का अधिकार निहित है।
उन्होंने कहा, ‘‘अधिकरण को जो शक्तियां प्रदान की गई हैं वे बहुत व्यापक हैं। शक्ति जितनी अधिक होगी, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी उतनी ही अधिक होगी कि इनका उपयोग राष्ट्रीय हरित अधिकरण अधिनियम के उद्देश्य की पूर्ति के लिए हो।’’
न्यायमूर्ति श्रीवास्तव 11 अक्टूबर 2021 से 30 मार्च 2023 तक कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। उनका जन्म 31 मार्च 1961 को हुआ था और दो अक्टूबर 1987 को बतौर वकील उन्होने अपना नामांकन कराया।
न्यायमूर्ति श्रीवास्तव ने उच्चतम न्यायालय में वकालत की और 18 जनवरी 2008 को उन्हें मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्हें 15 जनवरी 2010 को स्थायी न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY