देश की खबरें | न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने बुधवार को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर स्थित राजभवन में उन्हें शपथ दिलाई।
अहमदाबाद, 13 अक्टूबर न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने बुधवार को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर स्थित राजभवन में उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने के लिए राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात विधानसभा की अध्यक्षा नीमाबेन आचार्य, राज्य के मुख्य सचिव पंकज कुमार, उच्च न्यायालय के कई न्यायाधीश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार (59) इससे पहले कर्नाटक उच्च न्यायालय में कार्यरत थे और उन्होंने गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विक्रम नाथ की जगह ली है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नौ अक्टूबर को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद पर नियुक्ति की थी।
गौरतलब है कि न्यायमूर्ति अरविंद कुमार से पहले गुजरात उच्च न्यायालय के दो साल तक मुख्य न्यायाधीश रहे न्यायूर्मि विक्रम सेठ की इसी साल अगस्त में पदोन्नति कर उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया था। उनके साथ न्यायमूर्ति बेला त्रिवेदी भी उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश नियुक्त की गई थीं।
न्यायमूर्ति विक्रम सेठ की पदोन्नति के बाद पिछले महीने से न्यायमूर्ति आरएम छाया उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)