देश की खबरें | ‘जुमला किंग’ की ‘इवेंटबाजी’ है रोजगार मेला: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने शनिवार को सरकार के 'रोजगार मेले' को “जुमला किंग” की ‘‘इवेंटबाजी’’ करार देते हुए पूछा कि देश के युवाओं को 16 करोड़ नौकरियां देने का वादा कब पूरा किया जाएगा।

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर कांग्रेस ने शनिवार को सरकार के 'रोजगार मेले' को “जुमला किंग” की ‘‘इवेंटबाजी’’ करार देते हुए पूछा कि देश के युवाओं को 16 करोड़ नौकरियां देने का वादा कब पूरा किया जाएगा।

कांग्रेस के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आने पर हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, जो पिछले आठ साल में पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ केवल चार राज्यों से गुजरी है और सरकार को यह स्वीकार करना पड़ा है कि बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्या है।

सुरजेवाला ने इसे ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा ट्वीट किया, “अभी तो भारत जोड़ो यात्रा चार राज्यों से ही गुजरी है, आख़िर “जुमला किंग” को राहुल जी ने ये मानने को मजबूर कर दिया कि बेरोज़गारी देश की सबसे बड़ी समस्या है।”

उन्होंने कहा, “इवेंटबाज़ी नहीं रोज़गार दो।”

सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहिए कि आप 16 करोड़ नौकरियां कब तक देंगे, जैसा कि आपने पिछले आठ वर्षों में हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था।

उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, “ये 16 करोड़ नौकरियां कब तक मुहैया कराई जाएंगी और सरकारी विभागों में 30 लाख रिक्तियां कब तक भरी जाएंगी। प्रधानमंत्री को देश के युवाओं को जवाब देना होगा।”

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री से यह सवाल पूछती रहेगी कि वादे के अनुसार नौकरियां कब दी जाएंगी।

उन्होंने कहा, “सिर्फ 70,000 नियुक्ति पत्र देने से चीजें नहीं चलेंगी। देश के युवा नौकरी चाहते हैं और प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना होगा। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस प्रधानमंत्री से यह सवाल पूछते रहेंगे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को 10 लाख लोगों की भर्ती के अभियान 'रोजगार मेले' की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड-19 महामारी के बाद दुनिया भर के कई देशों के सामने आने वाली आर्थिक समस्याओं को कम करने की दिशा में काम कर रही है।

मोदी ने सरकारी नौकरियों के इच्छुक अभ्यथिर्यों के बीच 75,000 नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद ‘रोजगार मेले’ को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अधिकतम अवसर पैदा करने को लेकर भी कई मोर्चों पर काम कर रही है।

अभियान के तहत 50 केंद्रीय मंत्री भर्ती देश भर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 20,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now