देश की खबरें | ओडिशा में सैन्य अधिकारी एवं उनकी मंगेतर के उत्पीड़न पर न्यायिक आयोग ने रिपोर्ट सौंपी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले साल भुवनेश्वर के एक थाने में एक सैन्य अधिकारी को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और उसकी मंगेतर का यौन उत्पीड़न किए जाने की घटना की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट ओडिशा सरकार को सौंप दी।
भुवनेश्वर, 10 मार्च पिछले साल भुवनेश्वर के एक थाने में एक सैन्य अधिकारी को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और उसकी मंगेतर का यौन उत्पीड़न किए जाने की घटना की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट ओडिशा सरकार को सौंप दी।
राज्य सरकार ने हिरासत में दो व्यक्तियों के कथित उत्पीड़न को लेकर देशव्यापी जनाक्रोश के बाद 22 सितंबर, 2024 को उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश चित्तरंजन दास की अध्यक्षता में इस आयोग का गठन किया था।
आयोग के सचिव शुभेंदु मोहंती ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सत्यव्रत साहू से मुलाकात की और उन्हें 282 पृष्ठों का यह दस्तावेज सौंपा।
मोहंती ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमने राज्य सरकार को अंतिम रिपोर्ट सौंपी है।’’
यह घटना 15 सितंबर की रात को हुई जब सैन्य अधिकारी अपनी मंगेतर के साथ घर लौट रहे थे। तीन कारों में सवार करीब 12 लोगों ने उन्हें रोक लिया। सैन्य अधिकारी और महिला सड़क पर बदतमीजी की इस घटना की शिकायत करने भरतपुर थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर उन्हें प्रताड़ित किया।
आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें प्रताड़ित किया। आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने हिरासत में महिला का यौन उत्पीड़न किया।
महिला को एक पुलिसकर्मी को काट लेने और थाने में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह अब जमानत पर बाहर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)