देश की खबरें | पत्रकार हत्या: रत्नागिरी में विरोध प्रदर्शन, आरोपी के खिलाफ मकोका लगाने की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के रत्नागिरी में पत्रकारों ने अपने साथी शशिकांत वारिशे की हत्या के खिलाफ शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया।
मुंबई, 11 फरवरी महाराष्ट्र के रत्नागिरी में पत्रकारों ने अपने साथी शशिकांत वारिशे की हत्या के खिलाफ शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में एकत्र पत्रकारों ने इस घटना की निंदा की और आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने की मांग की।
वारिशे (48) को गत छह फरवरी को एक एसयूवी ने टक्कर मार दी थी और अगले दिन अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि उक्त एसयूवी को जमीन डीलर पंढरीनाथ अम्बेरकर चला रहा था।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार अम्बेरकर इलाके में प्रस्तावित रिफाइनरी के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध करने वाले हर किसी को कथित रूप से धमकाता रहता था।
अम्बेरकर के खिलाफ वारिशे द्वारा लिखा गया एक लेख घटना की सुबह एक स्थानीय मराठी अखबार में प्रकाशित हुआ था। उक्त घटना मुंबई से लगभग 440 किलोमीटर दूर राजापुर में एक पेट्रोल पंप के पास हुई थी।
तहसीलदार कार्यालय के बाहर पूर्वाह्न 11:30 बजे से विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। प्रदर्शन में पत्रकारों के साथ प्रस्तावित रिफाइनरी का विरोध कर रहे बरसु सोलगांव पंचक्रोशी रिफाइनरी विरोधी संगठन के कार्यकर्ता और ‘कुनबी समाज’ के सदस्य शामिल हुए।
विरोध प्रदर्शन अपराह्न दो बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने और आरोपी के खिलाफ मकोका लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य सरकार को वारिशे के परिजनों को मुआवजे के रूप में 50 लाख रुपये देने चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)