एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सूरत की दुकान में लूटपाट के दौरान जौहरी की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के सूरत शहर में हथियारबंद लुटेरों ने आभूषणों के एक शोरूम से कीमती सामान लूटने के दौरान एक जौहरी की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य व्यक्ति को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | सूरत की दुकान में लूटपाट के दौरान जौहरी की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

सूरत, आठ जुलाई गुजरात के सूरत शहर में हथियारबंद लुटेरों ने आभूषणों के एक शोरूम से कीमती सामान लूटने के दौरान एक जौहरी की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य व्यक्ति को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपाधीक्षक नीरव गोहिल ने बताया कि सोमवार रात को हुई इस घटना के बाद तीन लुटेरे भाग गए लेकिन एक को स्थानीय लोगों ने कुछ देर उसका पीछा करने के बाद पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि चार हथियारबंद लुटेरे रात करीब साढ़े आठ बजे सचिन इलाके में ‘श्रीनाथजी ज्वैलर्स’ के शोरूम में घुसे।

गोहिल ने कहा, ‘‘शोरूम के मालिक आशीष राजपारा ने लुटेरों को कीमती सामान लेकर भागने से रोकने की जब कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। राजपारा को सीने में दो गोलियां लगीं और अस्पताल में भर्ती कराए जाने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब स्थानीय लोगों ने लुटेरों का पीछा करना शुरू किया तो लुटेरों ने उन पर गोलियां चला दीं। इस दौरान नाजिम शेख नाम के एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी।’’

कुछ देर तक पीछा करने के बाद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया लेकिन तीन अन्य आरोपी भाग गए।

गोहिल ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे को स्थानीय लोगों ने बुरी तरह पीटा और फिर पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी का इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि गुस्साई भीड़ से खुद को बचाने के लिए तीन अन्य लुटेरे भागते समय शोरूम के पास एक बैग छोड़ गए जिसमें कीमती सामान था और स्थानीय लोगों ने इसे दुकान मालिक के परिवार को लौटा दिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह अब भी स्पष्ट नहीं है कि उनके पास केवल एक बैग था या उससे अधिक बैग थे। हमने अपराधियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 09:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).