देश की खबरें | जेकेएसएसबी एसआई प्रश्नपत्र लीक मामला : ईडी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में प्रश्नपत्र लीक के कथित मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के करीब तीन सप्ताह बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक अन्य भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, 11 जुलाई जम्मू कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में प्रश्नपत्र लीक के कथित मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के करीब तीन सप्ताह बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक अन्य भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया जिसने उसे पांच दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया।
अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले के लहरोदा निवासी अनिल कुमार (31) को ईडी की जम्मू शाखा ने बुधवार को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया और बृहस्पतिवार को जम्मू स्थित भ्रष्टाचार रोधी विशेष अदालत (सीबीआई के मामलों की) के समक्ष पेश किया।
उन्होंने बताया कि 24 जून को ईडी ने हरियाणा निवासी 43 वर्षीय यतिन यादव को गिरफ्तार किया था। यादव कथित तौर पर इस प्रश्नपत्र लीक मामले का सरगना है।
जेकेएसएसबी ने 27 मार्च 2022 को उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा कराई थी लेकिन 1200 चयनित अभ्यार्थियों के साथ-साथ 1300 कनिष्ठ अभियंता और एक हजार वित्त लेखा सहायकों की भर्ती भी प्रशासन ने प्रश्नपत्र लीक और कदाचार के आरोपों के चलते रद्द कर दी थी।
इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को दी गई थी जिसने 12 नवंबर 2022 को यादव सहित 33 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। सीबीआई के मामले के आधार पर ईडी ने भी धनशोधन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)