देश की खबरें | जम्मू कश्मीर: नमाजियों को जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी गई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीनगर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद की प्रबंधन इकाई ने शुक्रवार को दावा किया कि अधिकारियों ने वहां बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर शुक्रवार की नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी।

श्रीनगर,15 अक्टूबर श्रीनगर के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद की प्रबंधन इकाई ने शुक्रवार को दावा किया कि अधिकारियों ने वहां बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर शुक्रवार की नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी।

अंजुमन औकाफ जामिया मस्जिद ने यह भी कहा कि पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों को मस्जिद के सभी दरवाजे बंद करने के लिए मजबूर किया और किसी नमाजी को अंदर नहीं जाने दिया।

मस्जिद की प्रबंधन इकाई ने कहा, ‘‘अधिकारियों ने आज श्रीनगर के जामिया मस्जिद में शुक्रवार की नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी। पूरे इलाके में सुबह से ही काफी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। जब मस्जिद के कर्मचारियों ने दरवाजे खोले, पुलिस कर्मियों ने उन्हें सभी दरवाजे बंद करने के लिए मजबूर कर दिया और किसी नमाजी को शुक्रवार की नमाज अदा करने के लिए मस्जिद के अंदर प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी।’’

यह दावा किया गया कि महिलाओं और बच्चों सहित काफी संख्या में मस्जिद के बाहर खड़े लोगों ने इस अधिनायकवादी कदम का विरोध किया और नामज अदा करने के लिए अंदर जाने देने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।

अंजुमन ने कहा कि जामिया मस्जिद में शुक्रवार की नमाज रोकने के लिए अधिकारियों द्वारा पूर्व में कोविड-19 महामारी का बहाना बनाये जाने की आज पोल खुल गई।

इसने कहा, ‘‘यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि अधिकारियों ने कश्मीर घाटी के मुसलमानों को बल प्रयोग कर मस्जिद में नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी, जिससे वे आहत हुए हैं। घाटी के मुसलमान इस अन्याय और धार्मिक स्वतंत्रता में दखलअंदाजी की कड़ी निंदा करते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\