जरुरी जानकारी | जियो फाइनेंशियल शेयर बाजारों में सूचीबद्ध, शुरुआती कारोबार में पांच प्रतिशत गिरा

नयी दिल्ली, 21 अगस्त रिलायंस इंडस्ट्रीज से अलग हुई वित्तीय सेवा इकाई जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) का शेयर सोमवार को बाजारों में सूचीबद्धता के पहले दिन करीब पांच प्रतिशत तक गिर गया।

बीएसई में कंपनी का शेयर 265 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो 261.85 रुपये के निर्धारित मूल्य के मुकाबले 1.20 प्रतिशत अधिक है। पिछले महीने जियो फाइनेंशियल के सूचीबद्धता मूल्य के आकलन के लिए आयोजित एक विशेष सत्र में 261.85 रुपये का मूल्य तय किया गया था।

कारोबार के दौरान इसका शेयर 3.85 प्रतिशत तक गिरकर 251.75 रुपये के भाव पर आ गया जो इसका ‘लोअर सर्किट’ भी है।

वहीं, एनएसई में कंपनी का शेयर 262 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुआ। लेकिन बाद में यह 4.94 प्रतिशत गिरकर 248.90 रुपये की कीमत पर आ गया।

सोमवार को शुरुआती कारोबार में रिलायंस की इस नई सूचीबद्ध कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,59,943.93 करोड़ रुपये रहा।

जेएफएसएल पिछले महीने रिलायंस से अलग हुई थी। मूल्य निर्धारण के बाद से यह ‘डमी’ के तौर पर सूचीबद्ध थी, लेकिन इसमें कोई कारोबार नहीं हो रहा था।

हालांकि सोमवार को कंपनी में कारोबार शुरू होने के साथ बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में जियो फाइनेंशियल को अतिरिक्त कंपनी के तौर पर जोड़ा गया है। इसके अलग होने के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में अधिक उतार-चढ़ाव की स्थिति रोकने के लिए ऐसा किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)