जरुरी जानकारी | जिंदल स्टेनलेस करेगी आरवीपीएल का 96 करोड़ रुपये में अधिग्रहण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (जेएसएल) ने मंगलवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने परिसमापन प्रक्रिया से गुजर रही रबीरुन विनिमय प्राइवेट लिमिटेड के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।
नयी दिल्ली, 19 दिसंबर जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड (जेएसएल) ने मंगलवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने परिसमापन प्रक्रिया से गुजर रही रबीरुन विनिमय प्राइवेट लिमिटेड के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।
जेएसएल ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि इस अधिग्रहण पर 96 करोड़ रुपये की लागत आने वाली है।
दिवालिया कंपनी के आधिकारिक परिसमापक से बिक्री प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही यह अधिग्रहण पूरा हो जाएगा। इस अधिग्रहण के चालू वित्त वर्ष में पूरा होने की उम्मीद है।
कंपनी ने कहा, ‘‘निदेशक मंडल ने ऋणशोधन अक्षमता एवं दिवाला संहिता, 2016 के अनुरूप परिसमापन के तहत रखी गई कंपनी रबीरुन विनिमय प्राइवेट लिमिटेड (आरवीपीएल) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण को अपनी सहमति दे दी।’’
जेएसएल के मुताबिक, आरवीपीएल के पास पाइप और ट्यूब खंड के लिए 50 किलो टन प्रति वर्ष (केटीपीए) की क्षमता के अलावा व्यापक और पतले खंड के लिए 250 केटीपीए की संभावित कोल्ड-रोलिंग विनिर्माण क्षमता है। इसका संयंत्र पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में विद्यासागर औद्योगिक पार्क में 60 एकड़ भूमि क्षेत्र में स्थित है। फिलहाल यह संयंत्र बंद पड़ा हुआ है।
जेएसएल ने कहा, ‘‘प्रस्तावित अधिग्रहण वाहन, बड़े घरेलू उपकरणों, लिफ्ट और एलिवेटर की जरूरतें पूरी करने के लिए कोल्ड-रोलिंग क्षमताओं को बढ़ाने के प्रबंधन के उद्देश्यों को पूरा करेगा।’’
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)