देश की खबरें | झारखंड : युवकों ने लड़की के चेहरे पर पेट्रोल फेंका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के रांची जिले में शनिवार को कुछ युवकों ने एक किशोरी के चेहरे पर पेट्रोल फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रांची, 26 जुलाई झारखंड के रांची जिले में शनिवार को कुछ युवकों ने एक किशोरी के चेहरे पर पेट्रोल फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना रांची कांके इलाके में अपराह्न करीब एक बजे घटी।
उसने बताया कि तेजाब हमले की आशंका के मद्देनजर पीड़िता को तुरंत रांची के एक अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह पेट्रोल था और पीड़िता की हालत स्थिर है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस को मामले की जांच करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रांची पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर सूचित करें। साथ ही बेटी को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करवाएं और जानकारी दें।’’ उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी को भी मामले में संज्ञान लेने को कहा है।
पुलिस ने सोरेन के पोस्ट पर जवाब दिया,‘‘ महोदय, रांची पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त होने के उपरांत त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर वरीय पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में अनुसंधान प्रारंभ किया गया है तथा पीड़िता के बेहतर व प्रभावी इलाज हेतु चिकित्सकों की टीम के द्वारा इलाज किया गया है।’’
उसने कहा, ‘‘ चिकित्सकों के मंतव्य के अनुसार पीड़िता खतरे से बाहर है तथा उसपर एसिड से हमला नहीं किया गया है, अपितु पेट्रोल आंखों में छिड़क दिया गया है। चिकित्सक के अनुसार लड़की के आंख को कोई स्थाई क्षति नहीं पहुंची है तथा वह कल तक बिल्कुल ठीक हो जाएगी। घटना में संलिप्त अपराधियों को चिह्नित किया जा रहा है।’’
झारखंड की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रांची के कांके क्षेत्र में एक महिला पर तेजाब हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें पीड़िता बुरी तरह झुलस गई है।
झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में निरंतर और चिंताजनक बढ़ोतरी हो रही है। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हेमंत सोरेन जी, पीड़ित महिला के बेहतर इलाज की तत्काल व्यवस्था करें और दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2025 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

