Jharkhand: स्कूल के Whatsapp Group में हमास हिंसा के वीडियो साझा करने वाले छात्र की गिरफ्तारी की मांग
झारखंड के रामगढ़ में एक स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर हमास की कथित हिंसा को दर्शाने वाले वीडियो प्रसारित किए गए. इजराइल के साथ युद्ध लड़ रहे हमास की हिंसा के ये वीडियो स्कूल के ही एक पूर्व छात्र ने ग्रुप पर डाले.
रामगढ़ (झारखंड), 18 अक्टूबर : झारखंड के रामगढ़ में एक स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप (Whatsapp Group) पर हमास की कथित हिंसा को दर्शाने वाले वीडियो प्रसारित किए गए. इजराइल के साथ युद्ध लड़ रहे हमास की हिंसा के ये वीडियो स्कूल के ही एक पूर्व छात्र ने ग्रुप पर डाले. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि हिंसा की तस्वीरों के अलावा रामगढ़ स्कूल के छात्र ने कथित तौर पर अश्लील वीडियो भी ग्रुप पर साझा किए.
रजरप्पा थाने के प्रभारी हरि नंदन सिंह ने बताया कि कथित घटना रामगढ़ के एक निजी स्कूल की है और आठवीं कक्षा के सोशल मीडिया ग्रुप से इन वीडियो को हटा दिया गया है. यह ग्रुप कक्षा के शिक्षकों ने छात्रों के साथ संपर्क में रहने के लिए बनाया था. पुलिस के मुताबिक, घटना सामने आने के बाद छात्रों को किसी भी प्रकार का पोस्ट करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है. पुलिस ने बताया कि जिस छात्र ने कथित तौर पर तस्वीरें पोस्ट की थीं, उसे स्कूल ग्रुप से हटा दिया गया है. यह भी पढ़ें : J&K: जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF के दो जवान गोली लगने से घायल, अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने बताया कि कई अभिभावक अपने बच्चों के फोन पर वीडियो देखने के बाद स्कूल पहुंचे और पूर्व छात्र की गिरफ्तारी की मांग की. स्कूल के प्रधानाचार्य ने युद्धग्रस्त गाजा मे हमास आतंकवादियों द्वारा लोगों का गला काटने का वीडियो साझा करने की घटना की पुष्टि की. पुलिस के मुताबिक मामले में न तो स्कूल प्रबंधन और न ही विद्यार्थियों के माता-पिता की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई गई है. रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि प्रशासन इस मामले की जांच करेगा और उसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 17, 2023 11:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

