चाईबासा (झारखंड), 17 जुलाई झारखंड में पश्चिम सिंहभूम जिले के जंगल में नक्सल-रोधी अभियान के दौरान सोमवार को एक आईईडी विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि गोइलकेरा पुलिस थानाक्षेत्र के कुइरा गांव के पास जंगल में चलाये जा रहे इस अभियान के दौरान यह घटना हुई।
उन्होंने बताया कि एक प्रतिबंध नक्सली संगठन द्वारा कथित तौर पर लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो जाने पर एक एएसआई को मामूली चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
अधिकारी ने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस नक्सल प्रभावित कोर कोल्हान क्षेत्र में सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और कोबरा बटालियन के साथ एक संयुक्त तलाश अभियान चला रही है।
गोइलकेरा और टोंटो पुलिस थाने की सीमा के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सात महीने पहले यह अभियान शुरू किये जाने के बाद से आईईडी विस्फोटों में 10 साल के एक लड़के और दो बुजुर्ग महिलाओं सहित कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
नक्सल-रोधी अभियान की शुरूआत किये जाने के बाद से दोनों पुलिस थाना क्षेत्रों से 200 से अधिक आईईडी बरामद किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY