देश की खबरें | झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर पर राष्ट्रपति मुर्मू को पत्र लिखा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर हिंसा प्रभावित मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ ‘‘अकथनीय अत्याचार’’ पर दुख व्यक्त किया और उनसे पूर्वोत्तर राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।

रांची, 22 जुलाई झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर हिंसा प्रभावित मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ ‘‘अकथनीय अत्याचार’’ पर दुख व्यक्त किया और उनसे पूर्वोत्तर राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।

मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाने का वीडियो सामने आने के कुछ दिनों बाद सोरेन ने पत्र में कहा कि देश मणिपुर में आदिवासियों के साथ ‘‘बर्बर तरीके’’ का व्यवहार नहीं होने दे सकता।

सोरेन ने कहा है, ‘‘क्रूरता के सामने चुप्पी एक भयानक अपराध है, इसलिए मैं आज मणिपुर में हिंसा पर भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ आपको पत्र लिखने के लिए मजबूर हूं...मैं मणिपुर के बिगड़ते हालत, महिलाओं के खिलाफ अकथनीय अत्याचार और यौन शोषण को लेकर बहुत व्यथित और चिंतित हूं।’’

सोरेन ने पत्र में कहा कि मणिपुर ‘‘दो महीने से जल रहा है, दिल दहला देने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं’’ और पूर्वोत्तर राज्य में ‘‘लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में अभूतपूर्व गिरावट’’ आई है। उन्होंने राष्ट्रपति से मणिपुर के लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने और वहां शांति बहाल करने का आग्रह किया।

सोरेन ने कहा, ‘‘मणिपुर और भारत के सामने आने वाले संकट के इस सबसे कठिन समय में हम आपको आशा और प्रेरणा के अंतिम स्रोत के रूप में देखते हैं जो इस कठिन समय में मणिपुर के लोगों और भारत के सभी नागरिकों को रोशनी दिखा सकते हैं।’’

मणिपुर में तीन मई से इंफाल घाटी में केंद्रित बहुसंख्यक मेइती समुदाय और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी कुकी के बीच जातीय झड़पें हो रही हैं। दोनों समुदायों के बीच हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\