देश की खबरें | झारखंड उपचुनाव : दो विधानसभा सीटों पर 62.46 प्रतिशत मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड में दुमका (सु) और बेरमो विधानसभा सीटों के लिए मंगलवार को हुए उपचुनाव में 62.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान समाप्त होने के साथ ही दोनों सीटों से कुल 28 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला ईवीएम मशीनों में बंद हो गया।
रांची, तीन नवंबर झारखंड में दुमका (सु) और बेरमो विधानसभा सीटों के लिए मंगलवार को हुए उपचुनाव में 62.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान समाप्त होने के साथ ही दोनों सीटों से कुल 28 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला ईवीएम मशीनों में बंद हो गया।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि आज दुमका (सुरक्षित) सीट के लिए 65.27 प्रतिशत और बोकारो की बेरमो विधानसभा सीट के लिए कुल 60.20 प्रतिशत मतदान हुआ है।
यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश के मथुरा में मस्जिद में ‘Hanuman Chalisa’ पढ़ने का आरोप, चार युवक गिरफ्तार.
सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह नजर आया और उन्होंने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए कतारबद्ध होकर मतदान किया।
उन्होंने बताया कि दोनों सीटों के सभी मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होने की खबर है और कहीं से भी किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा व्यवधान की खबर नहीं है।
बेरमो में आज सुबह ही कांग्रेस प्रत्याशी अनूप सिंह ने फुसरोढोरी में स्थित मतदान केन्द्र पर सपरिवार वोट डाला जबकि भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो स्वयं अपने लिये मतदान नहीं कर सके क्योंकि उनका नाम बोकारो सीट की मतदाता सूची में है।
इसी प्रकार दुमका में भाजपा प्रत्याशी पूर्व कल्याणमंत्री लुईस मरांडी ने गांदो पंचायत में बूथ संख्या 71 ए में अपने परिवार के साथ मतदान किया। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी झामुमो के बसंत सोरेन का अपना मत इस विधानसभा क्षेत्र में नहीं है अतः वह मतदान नहीं कर सके।
दुमका (सु) और बेरमो सीटों पर क्रमशः 12 और 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि दुमका सीट पर सीधा मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बसंत सोरेन और भाजपा की लुईस मरांडी एवं बेरमो सीट पर भाजपा के योगेश्वर महतो एवं कांग्रेस के अनूप सिंह के बीच ही होने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)