देश की खबरें | झारखंड बोर्ड: 10वीं कक्षा के हिंदी और विज्ञान के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द

रांची, 20 फरवरी झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जेएसी) ने 10वीं कक्षा की हिंदी और विज्ञान विषय की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि इन विषयों के प्रश्नपत्र लीक होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।

हिंदी की परीक्षा 18 फरवरी को आयोजित की गई थी जबकि विज्ञान का प्रश्नपत्र 20 फरवरी को होना था।

जेएसी ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर कहा, "सभी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों, परीक्षा केंद्र अधीक्षकों और अधिकारियों को सूचित किया जाता है कि सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर 18 फरवरी को पहली पाली में हुई हिंदी (पाठ्यक्रम ए और (पाठ्यक्रम बी) परीक्षा और 20 फरवरी को पहली पाली में प्रस्तावित विज्ञान परीक्षा को रद्द किया जाता है।"

परीक्षा परिषद ने यह भी बताया कि इन विषयों की पुनर्परीक्षा बाद में आयोजित की जाएगी जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

झारखंड में 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (इंटरमीडिएट) की बोर्ड परीक्षाएँ 11 फरवरी से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई थीं।

इस वर्ष 7.84 लाख से अधिक छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं जिन्हें दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है। पहली पाली (सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक) में 10वीं कक्षा की परीक्षा और दूसरी पाली (दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक) में 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही है।

10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए 1,297 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहाँ 4.33 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा में 3.50 लाख से अधिक विद्यार्थी 789 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)