एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | झारखंड: सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में शनिवार को चार लोकसभा सीट पर जारी मतदान के दौरान सुबह नौ बजे तक लगभग 11.74 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

ताजा खबरें | झारखंड: सुबह नौ बजे तक 11.74 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान

रांची, 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में शनिवार को चार लोकसभा सीट पर जारी मतदान के दौरान सुबह नौ बजे तक लगभग 11.74 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

अधिकारियों ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

सुबह नौ बजे तक गिरिडीह में सबसे अधिक 12.91 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद रांची में 12.19 प्रतिशत, धनबाद में 11.75 प्रतिशत और जमशेदपुर में 10.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैंने रांची के श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मैं सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करता हूं। लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।’’

राज्य में इस चरण में 93 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रांची से कुल 27, धनबाद और जमशेदपुर से 25-25 और गिरिडीह से 16 उम्मीदवार मुकाबले में हैं।

इस चरण में 40.09 लाख महिला मतदाताओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी 8,963 मतदान केंद्रों पर करीबी नजर रखी जा रही है। इस चरण में करीब 36,000 चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है।

रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी और कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

धनबाद में भाजपा के बाघमारा से विधायक दुलु महतो और कांग्रेस के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।

जमशेदपुर में भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झामुमो के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई है।

गिरिडीह में ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला झामुमो के टुंडी से विधायक मथुरा महतो से है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2024 10:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).