देश की खबरें | जद(एस) के वरिष्ठ एमएलसी बसवराज होराती कर्नाटक विधान परिषद के सभापति चुने गये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक विधान परिषद में गो हत्या रोधी विधेयक पारित किये जाने को लेकर कांग्रेस सदस्यों के विरोध के बीच जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ एमएलसी बसवराज होराती को मंगलवार को राज्य विधान परिषद का सभापति चुन लिया गया।

बेंगलुरू, नौ फरवरी कर्नाटक विधान परिषद में गो हत्या रोधी विधेयक पारित किये जाने को लेकर कांग्रेस सदस्यों के विरोध के बीच जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ एमएलसी बसवराज होराती को मंगलवार को राज्य विधान परिषद का सभापति चुन लिया गया।

होराती (74) को आम सहमति से उच्च सदन का सभापति चुन लिया गया क्योंकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सदन में सभापति के आसन के समीप प्रदर्शन कर रहे विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों ने अपने उम्मीदवार नसीर अहमद का नाम प्रस्तावित नहीं किया।

विधान परिषद के सदस्य के तौर पर यह उनका सातवां कार्यकाल है और वह कर्नाटक पश्चिम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह करीब 40 साल से उच्च सदन के सदस्य हैं।

दिन में जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, कांग्रेस के सदस्य कर्नाटक गो हत्या रोकथाम एवं पशु संरक्षण विधेयक को जल्दबाजी में ध्वनि मत से पारित किये जाने के खिलाफ सभापति के आसन के समीप चले गये। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में मत विभाजन कराये जाने की मांग करने के बावजूद यह कदम उठाया गया।

कांग्रेस सदस्य नसीर अहमद ने कहा कि मत विभाजन की मांग करने के बावजूद सोमवार को विधेयक को पारित किया जाना नियमों के खिलाफ है।

एम नारायणस्वामी, बी के हरि प्रसाद सहित कांग्रेस के कई सदस्यों ने मत विभाजन कराने की मांग की।

हालांकि, विधेयक को पारित किये जाने का बचाव करते हुए गृह, कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि इसे नियमों के मुताबिक पारित किया गया है और किसी ने मत विभाजन की मांग नहीं की। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि कांग्रेस सदस्य उस वक्त सभापति के आसन के समीप थे जब विधेयक को पारित किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘रिकार्ड में भी कुछ नहीं है। ’’

सदन के उपाध्यक्ष ने एम के प्राणेश ने कहा कि वह रिकार्ड की जांच करेंगे। उन्होंने कांग्रेस सदस्यों को अपनी सीटों पर वापस जाने और सदन की कार्यवही चलने देने तथा अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान सहयोग करने का अनुरोध किया।

इसके बावजूद भी कांग्रेस सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि सीसीटीवी और टीवी कैमरा फुटेज की पहले जांच की जाए तथा कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाए।

कांग्रेस सदस्यों के प्रदर्शन करने के बीच उप सभापति ने सभापति के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू कर दी।

जद(एस) सदस्यों द्वारा सभापति पद के लिए होराती के नाम का प्रस्ताव किये जाने के बाद कांग्रेस सदस्य अपने उम्मीदवार नसीर अहमद के नाम का प्रस्ताव करने के लिए अपनी-अपनी सीटों पर वापस नहीं गये।

इसके बाद, उप सभापति ने बसवराज होराती को आम सहमति से सदन का सभापति निर्वाचित घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि कांग्रेस के प्रतापचंद्र शेट्टी के इस पद से इस्तीफे के बाद नये सभापति का निर्वाचन करने की जरूरत पैदा हुई थी।

जद(एस) सूत्रों के मुताबिक पार्टी प्रमुख एच डी देवेगौड़ा ने होराती के लिए समर्थन की मांग करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से बात की थी।

वहीं, भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी शेट्टी को पद से हटाने और कुछ प्रमुख विधेयकों को पारित कराने में सहयोग करने के एवज में सभापति के तौर पर होराती का समर्थन करने के लिए सहमत हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\