देश की खबरें | जनपथ रोड होगा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नया पता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नया पता अब जनपथ रोड स्थित वह बंगला होगा, जहां कभी पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान रहते थे।

नयी दिल्ली, 25 जुलाई पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का नया पता अब जनपथ रोड स्थित वह बंगला होगा, जहां कभी पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान रहते थे।

द्रौपदी मुर्मू के भारत के राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करने के बाद कोविंद राष्ट्रपति भवन छोड़कर सोमवार को अपने नए आवास पहुंचे।

परंपरा के तौर पर इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू भी मौजूद थीं।

पासवान का निधन 2020 में हुआ था। उससे पहले करीब तीन दशक तक वह 12 जनपथ स्थित इस बंगले में रहे। उनके बेटे चिराग पासवान ने नोटिस मिलने के बाद अप्रैल में बंगला खाली कर दिया था।

बंगले को, राष्ट्रपति के तौर पर कोविंद का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनके आवास के रूप में तैयार किया गया है।

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट किया, ‘‘ परंपरा के तौर पर माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के साथ पूर्व राष्ट्रपति आदरणीय रामनाथ कोविंद जी का नई दिल्ली में 12-जनपथ पर उनके नए आवास में स्वागत किया।’’

उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और वी. के. सिंह भी 12-जनपथ पर कोविंद का स्वागत करते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि देश के प्रमुख दलित नेताओं में से एक पासवान का अक्टूबर 2020 में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह 1989 से, जनता दल से लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी तक अलग-अलग विचारधाराओं वाले दलों के नेतृत्व वाली केंद्र सरकारों में मंत्री रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\