जमशेदपुर , 17 जुलाई इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फुटबॉल टीम जमशेदपुर एफसी ने 2023-24 सत्र से पहले सोमवार को सर्बिया के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एलेन स्टीवानोविच के साथ दो साल के करार की घोषणा की।
इस 32 साल के खिलाड़ी का अब तक का सफर शानदार रहा है। उन्होंने इटली में इंटर मिलान की युवा टीम के साथ शुरुआत की और दिग्गज कोच जोस मोरिन्हो की देखरेख में इसकी सीनियर टीम में शामिल हुए।
स्टीवानोविच इंटर मिलान की उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2009-10 में मोरिन्हो के नेतृत्व में खिताब की हैट्रिक लगायी थी। इसमें क्लब ने सीरी ए स्कुडेटो , कोपा इटालिया और यूईएफए चैंपियंस लीग ट्रॉफी जीती थी।
स्विट्जरलैंड मूल के इस सर्बियाई खिलाड़ी ने इटली में टोरिनो एफसी , पलेर्मो , एसएससी बारी और स्पेजिया जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है।
यहां जारी विज्ञप्ति में स्टीवानोविच ने कहा , ‘‘ जमशेदपुर एफसी का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने क्लब और उसके प्रशंसकों के बारे में बहुत कुछ सुना है और मैं आखिरकार शहर में आकर खेलने के लिए उत्साहित हूं। ’’
जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच स्कॉट कूपर ने कहा , ‘‘ एलेन (स्टीवानोविच) के साथ करार करना टीम के लिए शानदार है। एशिया और यूरोप की कई टीमें उनके साथ करार करना चाहती थी। वह महज 32 साल के हैं और भारतीय प्रशंसक उनके खेल का लुत्फ उठायेंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY