देश की खबरें | जम्मू कश्मीर: पुलिस और सेना ने दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को अलग-अलग बैठकों में दक्षिण कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

श्रीनगर, दो दिसंबर पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को अलग-अलग बैठकों में दक्षिण कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

सुरक्षा समीक्षा बैठकें दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में हुईं।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) वी के बिरदी ने दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा का दौरा किया और एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में सुरक्षा उपाय बढ़ाने, अवंतीपोरा पुलिस जिले में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने, 'ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (ओजीडब्ल्यू) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और नशीले पदार्थ के खतरे पर अंकुश लगाने के लिए रणनीतिक पहल पर ध्यान केंद्रित किया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि बैठक की शुरुआत में, अवंतीपोरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जमीनी स्तर पर शत्रु तत्वों की ओर से सामना की जाने वाली किसी भी चुनौती और खतरे का मुकाबला करने के लिए पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों का एक सिंहावलोकन प्रस्तुत किया।

बिरदी ने अन्य खतरे की धारणाओं पर चर्चा की और पुलिस जिले में एक उचित सुरक्षा तंत्र बनाने पर जोर दिया। पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) ने लंबित मामलों, विशेषकर एनडीपीएस मामलों के परिणामोन्मुखी निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी हितधारकों के साथ तालमेल और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाकर उन्हें विश्वास में लिया जाए।

बिरदी ने जमीन पर खुफिया तंत्र को मजबूत करने, तैनात कर्मियों की सतर्कता, ओजीडब्ल्यू पर कानूनी कार्रवाई तेज करने और सभी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरश: पालन करने का आह्वान किया।

पुलिस विभाग के कामकाज में पारदर्शिता लाने में आधुनिक तकनीक के महत्व और आवश्यकता पर जोर देते हुए, बिरदी ने अधिकारियों से बेहतर एवं पारदर्शी पुलिसिंग के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने को कहा जो परिणामोन्मुखी और जनता के अनुकूल हो।

आईजीपी ने जिला अवंतीपोरा पुलिस लाइन में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

इस बीच, सेना के श्रीनगर स्थित चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने अवंतीपोरा में एक अलग सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चिनार कोर कमांडर ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने और सर्दियों के मौसम के दौरान आतंकवाद-रोधी तंत्र के समन्वय के लिए आज अवंतीपोरा, पुलवामा में एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।’’

सेना ने कहा कि कोर कमांडर ने पुलवामा में बृहस्पतिवार के अभियान अरिहाल की योजना और कार्यान्वयन के लिए सैनिकों की सराहना की, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को मार गिराया गया और भारी मात्रा में हथियार एवं गोला बारूद बरामद किये गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\