ताजा खबरें | जम्मू-कश्मीर: मतदान से पहले राजौरी और पुंछ इलाके में सुरक्षा कड़ी की गई
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए 25 मई को होने वाले मतदान से पहले सीमावर्ती जिलों राजौरी और पुंछ में, खासतौर पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, 23 मई जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए 25 मई को होने वाले मतदान से पहले सीमावर्ती जिलों राजौरी और पुंछ में, खासतौर पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विस्तृत सुरक्षा के तहत सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाना, पहाड़ी क्षेत्रों में उपस्थिति बढ़ाना, अतिरिक्त नाके स्थापित करना, इलाके और प्रमुख ढांचों की 24 घंटे निगरानी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की कई अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती की गई है और सुरक्षाबलों की तैनाती का प्रबंधन सेना, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एलओसी पर तैनात जवान सतर्क हैं और सभी सीमावर्ती मतदान केंद्रों की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की योजना बनाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आर. आर.स्वैन, सेना की 16वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, अपर डीजीपी, संभागीय आयुक्त रमेश कुमार सहित शीर्ष गैर सैन्य और सैन्य अधिकारियों ने हाल में इन दोनों जिलों का दौरा किया है।
अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए सात मई को मतदान होना था लेकिन खराब मौसम और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), अपनी पार्टी और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) सहित विभिन्न दलों के अनुरोध के बाद मतदान की तरीख बदलकर 25 मई कर दी गई।
अनंतनाग-राजौरी सीट का मौजूदा स्वरूप 2022 में परिसीमन आयोग की सिफारिश के बाद आया जिसमें पुलवामा और शोपियां के कुछ हिस्सों को अलग कर दिया गया और राजौरी एवं पुंछ जिले के अधिकतर हिस्से को इस सीट के अंतर्गत लाया गया।
अनंतनाग में गत 30 दिन में चार आतंकवादी हमले हुए हैं। पिछले साल राजौरी, पुंछ और पड़ोसी रियासी जिले में सिलसिलेवार मुठभेड़ की कई घटनाएं हुई थीं जिनमें 19 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे जबकि 28 आतंकवादी मारे गए थे। चार मई को ही पुंछ में हुए एक आतंकवादी हमले में वायुसेना का एक सैनिक मारा गया जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
पुंछ में 8.99 लाख महिलाओं सहित कुल 18.30 लाख मतदाता हैं जिनमें से 81 हजार पहली बार मतदान करेंगे। वे 20 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इस सीट से किस्मत आजमा रहे प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, नेशनल कांफ्रेंस के मियां अल्ताफ और अपनी पार्टी के जफर इकबाल खान मनहास शामिल हैं। मनहास का भाजपा समर्थन कर रही है। डीपीएपी नेता मोहम्मद सलीम परे और 10 निर्दलीय भी मैदान में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)