देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर: राजौरी गोलीबारी में मारे गए दो लोगों का अंतिम संस्कार किया गया

राजौरी/जम्मू, 17 दिसंबर जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सेना के एक शिविर के बाहर गोलीबारी में मारे गए दो लोगों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

राजौरी कस्बे में अल्फा गेट के पास सैन्य शिविर के बाहर शुक्रवार सुबह गोलीबारी की घटना में पहल्याना निवासी कमल कुमार और सुरिंदर कुमार की मौत हो गई और उत्तराखंड का अनिल कुमार घायल हो गया था।

सेना ने एक ट्वीट में कहा कि कुछ "अज्ञात आतंकवादियों" ने शिविर पर गोलीबारी कर दी। वहीं, चश्मदीदों ने दावा किया कि गेट पर तैनात एक संतरी ने स्थानीय लोगों पर गोलियां चलाईं, जिससे लोग हताहत हुए।

जिला विकास आयुक्त विकास कुंडल, पुलिस उप महानिरीक्षक हसीब मुगल और अन्य वरिष्ठ नागरिक और पुलिस अधिकारी स्थानीय शवदाह गृह में मृतकों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

एक अधिकारी ने कहा कि बिना किसी अप्रिय घटना के अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।

विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पीड़ितों के घरों का दौरा किया और मामले में समयबद्ध जांच के साथ-साथ हताहतों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा दिए जाने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)