देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींदर रैना ने राजौरी में किया मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींदर रैना ने शनिवार को राजौरी जिले में अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया और साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचने को लेकर मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया।

राजौरी/जम्मू, 25 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींदर रैना ने शनिवार को राजौरी जिले में अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया और साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचने को लेकर मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया।

राजौरी अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है जहां छठे चरण के तहत मतदान जारी है। इस सीट से पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुफ्ती को नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रभावशाली गुर्जर नेता मियां अल्ताफ और अपनी पार्टी के जफर इकबाल खान मन्हास से बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा जफर इकबाल खान का समर्थन कर रही है।

डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के नेता मोहम्मद सलीम पारे और 10 निर्दलीय उम्मीदवार भी इस निर्वाचन क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अनंतनाग-राजौरी जम्मू-कश्मीर की पांच संसदीय सीटों में से आखिरी सीट है और यहां अपराह्न तीन बजे तक 44.41 प्रतिशत मतदान हुआ है।

रैना ने राजौरी के लम्बेरी पूर्व मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह लोकतंत्र का पर्व है और नयी सरकार के चुनाव हेतु अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए रिकॉर्ड तोड़ संख्या में आने के लिए हम जम्मू-कश्मीर के लोगों के आभारी हैं।’’

भाजपा नेता ने पिछले चार चरणों में, खासकर कश्मीर में हुए मतदान का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर लोग इसका पालन करेंगे और बड़ी संख्या में मतदान करेंगे।’’

रैना ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि जम्मू-कश्मीर तथा देश के बाकी हिस्सों के लोग राष्ट्र हित में मतदान करेंगे और नरेन्द्र मोदी के लिए तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित करेंगे, जिन्होंने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीबों के लाभ के लिए काम किया है।’’

इस बीच, भाजपा समर्थकों ने कहा कि उन्होंने एक ऐसे उम्मीदवार को वोट दिया है जिसे राष्ट्रीय पार्टी का समर्थन प्राप्त है।

नौशेरा के भाजपा कार्यकर्ता शाम लाल ने कहा, ‘‘अगर इस सीट से हमारा अपना उम्मीदवार होता तो बेहतर होता। लेकिन, चूंकि भाजपा ने एक क्षेत्रीय पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला किया, इसलिए हमें अपना वोट डालने में कोई कठिनाई नहीं हुई। ’’

इस बीच, जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और जम्मू के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने व्यक्तिगत रूप से चुनाव के संचालन की निगरानी के लिए राजौरी जिले का दौरा किया।

एक अधिकारी ने कहा कि उन्होंने मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए राजौरी के चुनाव क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\