देश की खबरें | पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट उपचुनाव: दोपहर तीन बजे तक करीब 41 फीसदी मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक करीब 41 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
जालंधर, 10 मई पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक करीब 41 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतदान प्रारंभ हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहा।
जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का इस साल जनवरी में ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था, जिसके बाद रिक्त हुयी इस संसदीय सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, मुख्य विपक्षी कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच इस सीट पर मुकाबला चतुष्कोणीय है। दलित बहुल सीट पर चारों राजनीतिक दल एक दूसरे के साथ हाथ आजमाने के लिये मैदान में हैं ।
निर्वाचन आयोग की ऐप के मुताबिक, जालंधर लोकसभा सीट पर जारी उपचुनाव के लिए दोपहर तीन बजे तक 40.62 फीसदी मतदान हुआ है।
कुछ बूथ पर ‘आप’ और विपक्षी दल के सदस्यों के बीच हाथापाई और तकरार की कुछ घटनाएं हुई हैं।
विपक्षी दलों के नेताओं ने ‘आप’ पर कई बूथ पर बाहरी लोगों को तैनात कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। हालांकि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ने इस इल्ज़ाम से इनकार किया है।
अमृतसर के बाबा बकाला सीट से ‘आप’ विधायक दलबीर सिंह टोंग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
शाहकोट से कांग्रेस विधायक हरदेव सिंह लड्डी शेरोवालिया ने आरोप लगाया कि ‘आप’ विधायक टोंग बाहरी होते हुए भी शाहकोट में घूम रहे हैं जो जालंधर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।
शेरोवालिया ने अपने समर्थकों के साथ ‘आप’ विधायक का वाहन भी रोक लिया और बाद में पुलिस को बुलाया। इसके बाद ‘आप’ विधायक को शाहकोट थाने ले जाया गया।
विपक्षी दल के नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद बाहरी लोगों को संसदीय क्षेत्र से चले जाना चाहिए था।
पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘आप’ नेताओं पर मतदाताओं को डराने के लिए आयोग के दिशानिर्देशों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
वडिंग ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस ने आयोग के दिशा-निर्देशों के बावजूद कथित तौर पर जालंधर निर्वाचन क्षेत्र में मौजूद रहने के लिए बाबा बकाला के विधायक दलबीर सिंह टोंग, अमृतसर (पश्चिम) के विधायक जसबीर सिंह संधू, लुधियाना (पूर्व) के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, लुधियाना (पश्चिम) के विधायक गुरप्रीत गोगी, जैतू के विधायक अमोलक सिंह और अमृतसर (मध्य) के विधायक अजय गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)