एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | जयशंकर ने अमेरिका के तीन शीर्ष मंत्रियों के साथ वार्ता की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो के बीच वार्ता के दौरान व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर प्रमुखता से चर्चा हुई।

विदेश की खबरें | जयशंकर ने अमेरिका के तीन शीर्ष मंत्रियों के साथ वार्ता की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, दो जुलाई विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो के बीच वार्ता के दौरान व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर प्रमुखता से चर्चा हुई।

जयशंकर ने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता भी की।

ये बैठकें मंगलवार को ‘क्वाड’ समूह के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन से इतर हुईं।

मई में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद, जयशंकर और रुबियो की यह पहली बैठक थी।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘व्यापार, सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, संपर्क और ऊर्जा सहित हमारी द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की। क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर दृष्टिकोण साझा किए।’’

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के लिए चल रही बातचीत का भी जायजा लिया।

नयी दिल्ली और वाशिंगटन द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर हस्ताक्षर करने के लिए बातचीत कर रहे हैं, जैसा कि फरवरी में वाशिंगटन डीसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वार्ता के दौरान सहमति बनी थी।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि रुबियो-जयशंकर वार्ता में अमेरिका-भारत ‘कॉम्पैक्ट’ (सैन्य साझेदारी, वाणिज्य और प्रौद्योगिकी के लिए अवसर बढ़ाने) के कार्यान्वयन पर चर्चा हुई।

‘कॉम्पैक्ट’ पहल का उद्देश्य सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में परिवर्तनकारी बदलाव लाना है, जिसे फरवरी में मोदी और ट्रंप के बीच वार्ता के बाद शुरू किया गया था।

जयशंकर ने अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट से भी मुलाकात की और प्रगाढ़ द्विपक्षीय ऊर्जा साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की।

जयशंकर ने 'एक्स' पर कहा, ‘‘भारत-अमेरिका ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत बनाने के अवसरों के बारे में बात की।’’

विदेश मंत्री ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ भी एक अलग बैठक की।

जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सार्थक बातचीत हुई।’’

जयशंकर रुबियो के निमंत्रण पर 30 जून से 2 जुलाई तक अमेरिका की यात्रा पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).