एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | जयशंकर ने रूस, अमेरिका, फ्रांस सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शु्क्रवार को इंडोनेशिया में जी -20 शिखर सम्मेलन से इतर रूस, अमेरिका, फ्रांस, नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रियों के साथ साथ द्विपक्षीय बातचीत की जिनमें आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

देश की खबरें | जयशंकर ने रूस, अमेरिका, फ्रांस सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा की

नयी दिल्ली, आठ जुलाई विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शु्क्रवार को इंडोनेशिया में जी -20 शिखर सम्मेलन से इतर रूस, अमेरिका, फ्रांस, नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रियों के साथ साथ द्विपक्षीय बातचीत की जिनमें आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जयशंकर जी -20 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर इंडोनेशिया के बाली गए हुए हैं जहां वे सम्मेलन से इतर विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा कर रहे हैं।

जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की और विविध चुनौतियों को लेकर ‘‘ बेहतर समझ और खुलेपन’’ के साथ चर्चा की।

बैठक के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ इस बार बाली में जी20 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में ब्लिंकन के साथ वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत जारी रही... हमारे संबंध आज हमें विविध प्रकार की चुनौतियों को लेकर बेहतर समझ एवं खुलेपन के साथ चर्चा करना सुगम बना रहे हैं।’’

समझा जाता है कि जयशंकर एवं ब्लिंकन की बैठक में यूक्रेन का मुद्दा भी सामने आया।

जयशंकर ने रूस के अपने समकक्ष सर्गेई लॉवरोव के साथ भी बातचीत की जिसमें यूक्रेन संकट और अफगानिस्तान की स्थिति जैसी वैश्चिक चुनौतियों सहित द्विपक्षीय संबंधों के बारे में चर्चा हुई ।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ बाली में जी20 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लॉवरोव से मुलाकात की। आपसी हितों से जुड़े द्विपक्षीय मामलों पर चर्चा की ।’’

विदेश मंत्री ने कहा कि लॉवरोव के साथ बातचीत में यूक्रेन संघर्ष और अफगानिस्तान सहित समसामयिक क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान किया गया ।

जयशंकर और लॉवरोव के बीच बातचीत ऐसे समय में हुई है जब एक सप्ताह पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने टेलीफोन पर यूक्रेन संकट की पृष्ठभूमि में वैश्विक ऊर्जा एवं खाद्य बाजार की स्थिति पर चर्चा की थी ।

जी- 20 समूह के विदेश मंत्रियों के शिखर बैठक से इतर जयशंकर ने फ्रांस की अपनी समकक्ष कैथरीन कोलोन्ना के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न आयामों सहित महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों से निपटने के रास्तों पर चर्चा की ।

बैठक के बाद जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ फ्रांस की नयी विदेश मंत्री कैथरीन कोलोन्ना के साथ मेरी पहली मुलाकात । हमने अपने मजबूत संबंधों और सम्पूर्ण संभावनाओं को हासिल करने के लिये करीब से काम करने को लेकर चर्चा की । ’’

विदेश मंत्री ने कहा ‘‘हमने दुनिया के समक्ष पेश मौजूदा चुनौतियों के बारे में भी चर्चा की।’’

इंडोनेशिया के बाली में विदेश मंत्री जयशंकर ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री डब्ल्यू बी होएक्स्ट्रा से बातचीत की ।

विदेश मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ नीदरलैंड के विदेश मंत्री डब्ल्यू बी होएक्स्ट्रा से मिला। यूरोप एवं हिन्द प्रशांत क्षेत्र की सामरिक स्थिति के बारे में चर्चा की। इसके वैश्विक प्रभावों और इनसे बेहतर ढंग से निपटने के रास्तों के बारे में चर्चा की। ’’

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री पार्क जिन के साथ मुलाकात के बाद जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ हमारे द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और जल्द संयुक्त आयोग की बैठक पर सहमति जतायी । ’’

उन्होंने कहा कि हिन्द प्रशांत से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान किया।

ज्ञात हो कि इंडोनेशिया की दो दिवसीय यात्रा के पहले दिन जयशंकर ने चीन, इंडोनेशिया, अर्जेंटीना, दक्षिण अफ्रीका, मैक्सिको, सेनेगल, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और ब्राजील के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की थी। उन्होंने बृहस्पतिवार को फिजी के प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनीमरामा से भी भेंट की थी।

जी20 समूह के सदस्यों में अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका व यूरोपीय संघ शामिल है। स्पेन को स्थायी अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2022 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).