देश की खबरें | जैन ने कोविड-19 से जान गंवाने वाले चिकित्सक के परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने चिकित्सक संजीव कुमार के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने चिकित्सक संजीव कुमार के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

डॉ. कुमार का कोविड-19 महामारी के कारण निधन हो गया था।

डॉ कुमार महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ थे। उनका तीन मार्च, 2021 को निधन हो गया था। लॉकडाउन के दौरान, कुमार ने निरूद्ध क्षेत्रों और घरों में पृथक-वास में रहने वाले लोगों को अपनी सेवाएं प्रदान की थीं।

कुमार ड्यूटी के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और 10 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उनका निधन हो गया था।

एक आधिकारिक बयान में जैन ने कहा, ‘‘भले ही अनुग्रह राशि परिवार को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर पाएगी लेकिन मुझे उम्मीद है कि इस राशि से परिवार को कुछ मदद मिलेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कई कोरोना योद्धाओं ने मानवता और समाज की सेवा करते हुए अपनी जान गंवाई। हम उनकी कड़ी मेहनत और महामारी से लड़ने के उनके जज्बे को दिल से सलाम करते हैं।’’

बयान में कहा गया है कि दिल्ली सरकार ने अब तक 37 ऐसे कोविड योद्धाओं के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की ‘सम्मान राशि’ दी है, जिन्होंने महामारी के दौरान लोगों की सेवा करते हुए संक्रमण से अपनी जान गंवा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now