नयी दिल्ली, 11 जून जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि जगुआर का पूरी तरह से इलेक्ट्रिक लग्जरी ब्रांड के रूप में विकास तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने साथ ही जोड़ा कि पहला नया मॉडल 2025 में पेश किया जाएगा।
उन्होंने 2022-23 के लिए कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को बताया कि ब्रिटेन स्थित कार विनिर्माता एक आधुनिक लग्जरी कंपनी में बदलने के लिए तैयार है। जगुआर लैंड रोवर 2008 से टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।
चंद्रशेखरन ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में ब्रांड को मुश्किल कारोबारी माहौल का सामना करना पड़ा। इसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कमी जैसे कई मुद्दे शामिल थे।
चंद्रशेखरन ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध के बाद जेएलआर को सेमीकंडक्टर की कमी और ऊर्जा आपूर्ति में चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने शेयरधारकों को बताया, ‘‘इस संदर्भ में, मुझे खुशी है कि कंपनी अपनी बदलाव की यात्रा में अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और खुद को एक आधुनिक लग्जरी वाहन व्यवसाय बनाने के लिए तैयार है।’’
चंद्रशेखरन ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों से निपटने के लिए किए गए उपायों के नतीजे मिलने शुरू हो गए हैं, और कंपनी ने रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर वाहनों का उत्पादन बढ़ा दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY