एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | जडेजा और बुमराह ने भारत को वापसी दिलायी, आस्ट्रेलिया के पांच विकेट पर 249 रन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने बारिश से प्रभावित सुबह के सत्र में आस्ट्रेलिया के तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां वापसी दिलायी।

खेल की खबरें | जडेजा और बुमराह ने भारत को वापसी दिलायी, आस्ट्रेलिया के पांच विकेट पर 249 रन

सिडनी, आठ जनवरी रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने बारिश से प्रभावित सुबह के सत्र में आस्ट्रेलिया के तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां वापसी दिलायी।

आस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन लंच तक पांच विकेट पर 249 रन बनाये हैं। इस बीच जडेजा ने मार्नस लाबुशेन (91) को शतक से रोका जबकि मैथ्यू वेड (13) को अति उत्साही शॉट खेलने की सजा दी। बुमराह ने नयी गेंद से कैमरन ग्रीन (शून्य) को पवेलियन भेजा। आस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ हालांकि अभी 76 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।

सुबह के सत्र में दो बार बारिश ने व्यवधान डाला। पहली बार बारिश थमने के बाद जब खेल शुरू हुआ तो आस्ट्रेलिया ने लाबुशेन का विकेट गंवाया जो केवल नौ रन से शतक से चूक गये।

जडेजा की अतिरिक्त उछाल लेती गेंद को उन्होंने कट करने का प्रयास किया लेकिन वह उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में कप्तान अजिंक्य रहाणे के पास गयी जिन्होंने उसे बेहद खूबसूरती से कैच में बदला। लाबुशेन ने 196 गेंदें खेली तथा 11 चौके लगाये तथा अपने मेंटोर स्मिथ के साथ तीसरे विकेट के लिये 100 रन की साझेदारी की।

इसके कुछ देर फिर बारिश आ गयी लेकिन इससे ठीक पहले स्मिथ ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी रविचंद्रन अश्विन पर चौका लगाकर श्रृंखला का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।

वेड ने जडेजा (43 रन देकर दो विकेट) को अपना विकेट इनाम में दिया। उन्होंने सीधी गेंद पर मिडऑन पर हवा में लहराता कैच दिया। वह श्रृंखला में पहले भी इस तरह से अपना विकेट गंवा चुके हैं।

भारत ने 80 ओवर पूरे होते ही नयी गेंद ली। बुमराह ने खूबसूरत गेंद पर ग्रीन को पगबाधा आउट किया। स्मिथ ने हालांकि एक छोर संभाले रखा। इस बीच अश्विन और जडेजा ने उन्हें कुछ शार्ट पिच गेंदें की जिसे आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने आसानी से खेला। स्मिथ ने कुछ उम्दा शॉट लगाये। उन्होंने अभी तक अपनी 159 गेंद की पारी में 11 चौके लगाये हैं।

बारिश के कारण पहले दिन भी केवल 55 ओवर का खेल हो पाया था। आस्ट्रेलिया ने सुबह दो विकेट पर 166 रन से आगे खेलना शुरू किया और सहजता से बल्लेबाजी की।

भारतीयों ने लेग साइड में मजबूत क्षेत्ररक्षण की रणनीति के साथ गेंदबाजी की। इस बीच मोहम्मद सिराज ने स्मिथ के खिलाफ पगबाधा की विश्वसनीय अपील की जिसे ठुकरा दिया गया। भारत ने डीआरएस भी लिया लेकिन गेंद स्टंप के ऊपर से निकल रही थी और टीम ने एक ‘रिव्यू’ गंवा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 08, 2021 07:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).