खेल की खबरें | अय्यर का अर्धशतक, भारत की बढ़त 200 रन के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पदार्पण टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ने के बाद श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में बेहद दबाव के बीच अर्धशतक जड़ा जिससे भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार को यहां चाय तक दूसरी पारी में सात विकेट पर 167 रन बनाए।
कानपुर, 28 नवंबर पदार्पण टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ने के बाद श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में बेहद दबाव के बीच अर्धशतक जड़ा जिससे भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार को यहां चाय तक दूसरी पारी में सात विकेट पर 167 रन बनाए।
भारत की कुल बढ़त 216 रन की हो गई है जिससे न्यूजीलैंड की मुसीबतें बढ़ना तय है।
अय्यर (125 गेंद में 65 रन, आठ चौके, एक छक्का) ने रविचंद्रन अश्विन (32) के साथ छठे विकेट के लिए 52 जबकि रिद्धिमान साहा (नाबाद 22) के साथ सातवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की।
इससे पहले सुबह के सत्र में कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे और उप कप्तान चेतेश्वर पुजारा ने एक बार फिर निराश किया जिससे भारत 51 रन पर पांच विकेट गंवाकर संकट में था।
अय्यर ने हालांकि पहले अश्विन और फिर साहा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करके भारत को संभाला। उन्होंने आफ स्पिनर विलियम समरविले पर छक्का जड़ा लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ शॉट बायें हाथ के स्पिनर एजाज पटेल पर लॉफ्टेड ड्राइव से चौका बटोरना रहा।
अय्यर हालांकि चाय के विश्राम से पहले की टिम साउथी (48 रन पर तीन विकेट) की अंतिम गेंद पर विकेट टॉम ब्लंडेल को कैच दे बैठे। साउथी की लेग साइड से बाहर जाती गेंद उनके ग्लव्स को चूमती हुई विकेटकीपर के हाथों में चली गई।
पिच पर खेलना असंभव नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि भारतीय स्पिनर 200 के आसपास के स्कोर का बचाव करने में सक्षम हो सकते हैं क्योंकि भले ही गेंद काफी टर्न नहीं हो रही हों लेकिन उम्मीद है कि काफी गेंद नीची रहेंगी।
चौथी सुबह भारतीय बल्लेबाजों को साउथी ने अपनी स्विंग से सबसे अधिक परेशान किया। उन्हें साथी तेज गेंदबाज काइल जेमीसन (28 रन पर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला।
जेमीसन ने पुजारा (22) की पसलियों को निशाना बनाया। निर्जीव पिच पर जेमीसन की उछाल लेती गेंद पुजारा के ग्लव्स को छूकर ब्लंडेल के दस्तानों में समा गई। मैदानी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया लेकिन डीआरएस लेने पर पुजारा को वापस लौटना पड़ा।
खराब फॉर्म से जूझ रहे रहाणे एक चौके की मदद से 15 गेंद में चार रन बनाने के बाद बायें हाथ के स्पिनर एजाज पटेल (29 रन पर एक विकेट) की गेंद पर पगबाधा हो गए।
सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (17) ने पहले घंटे में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया लेकिन साउथी ने आउटस्विंग होती गेंद पर उन्हें दूसरी स्लिप में टॉम लैथम के हाथों कैच करा दिया।
साउथी ने इसी ओवर में रविंद्र जडेजा को पगबाधा करके भारत को दोहरा झटका दिया। जडेजा खाता भी नहीं खोल पाए। इस समय भारत का स्कोर पांच विकेट पर 51 रन था।
अश्विन इसके बाद अय्यर का साथ देने उतरे और उन्होंने साउथी पर सीधा चौका जड़ने के अलावा कुछ आकर्षक शॉट खेलकर टीम पर बने दबाव को कुछ कम किया। दोनों ने भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन इसके बाद अश्विन जेमीसन की उछाल लेती गेंद को विकेट पर खेल गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2021 02:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

