देश की खबरें | ‘द लीजेंड ऑफ मौला’ भारत में रिलीज़ होती तो अच्छा होता: फवाद खान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान ने अपनी फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट’ को लेकर कहा कि यदि यह भारत में रिलीज़ होती तो दोस्ती का हाथ बढ़ाने का यह एक अच्छा तरीका होता- ठीक वैसे ही जैसे ईद और दिवाली पर एक दूसरे को मिठाइयां भेजी जाती हैं।

नयी दिल्ली, दो जनवरी पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान ने अपनी फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट’ को लेकर कहा कि यदि यह भारत में रिलीज़ होती तो दोस्ती का हाथ बढ़ाने का यह एक अच्छा तरीका होता- ठीक वैसे ही जैसे ईद और दिवाली पर एक दूसरे को मिठाइयां भेजी जाती हैं।

इस पाकिस्तानी फिल्म को 30 दिसंबर को भारत में रिलीज़ किए जाने की योजना थी लेकिन इसे टाल दिया गया।

बिलाल लाशारी द्वारा निर्देशित फिल्म में फवाद खान के अलावा माहिरा खान भी हैं। “द लीजेंड ऑफ मौला जट” 1979 में आई ‘मौला जट’ से प्रेरित है। इस फिल्म को पिछले साल 13 अक्टूबर को पाकिस्तान में रिलीज़ किया गया था और यह दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अबतक की पहली पाकिस्तानी फिल्म है। इसने एक करोड़ डॉलर की कमाई की है।

सीएनएन के साथ साक्षात्कार में फवाद से पूछा गया था कि वह फिल्म को भारत में रिलीज़ किए जाने को लेकर क्या सोचते हैं?

साक्षात्कार में 41 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि अगर फिल्म “ रिलीज़ की जाती तो यह ज़ाहिर तौर पर अच्छा होता। अगर ऐसा होता तो यह दोस्ती का हाथ बढ़ाने का अच्छा तरीका होता। ठीक वैसे ही जैसे हम अच्छे वक्त में और ईद तथा दिवाली पर एक-दूसरे को मिठाइयां और शुभकामनाएं भेजते हैं।”

इस साक्षात्कार का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा किया है।

अभिनेता ने कहा, “ फिल्म और संगीत एक तरह का आदान-प्रदान है, जो दोनों देशों के बीच कूटनीति के लिए बहुत अच्छा होगा। चीज़ें अब भी थोड़ी तनावग्रस्त हैं। इसलिए देखते हैं, क्या होता है। मैंने सुना है कि फिल्म रिलीज़ की जा सकती है और मैंने यह भी सुना है कि फिल्म रिलीज़ नहीं की जा सकती। लिहाज़ा देखते हैं कि क्या होता है।”

आईएनओएक्स के एक अधिकारी ने पिछले हफ्ते कहा था कि फिल्म को भारत में रिलीज़ किए जाने की योजना को टाल दिया गया है।

मल्टीप्लेक्स श्रृंखला के एक अधिकारी ने पीटीआई- से कहा था, “ हमें वितरकों ने बताया कि फिल्म की रिलीज़ को टाल दिया गया है। हमें यह दो तीन दिन पहले बताया गया था। हमसे कोई और तारीख साझा नहीं की गई है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now