शिमला, 17 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि चंबा जिले के सलूनी में हुई हत्या के मामले पर भाजपा का हंगामा करना अनुचित है क्योंकि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वे हिरासत में हैं।
इस मामले के मुख्य आरोपी की पहचान मुसाफिर हुसैन के रूप में हुई है। मुसाफिर हुसैन पर आरोप है कि उसने 28 वर्षीय मनोहर की अपनी भतीजी से कथित प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर हत्या कर दी और उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिये।
यहां शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में सुक्खू ने आरोप लगाया कि सभी आरोपियों के गिरफ्तार होने के बावजूद घटना के पांच दिनों बाद भाजपा की युवा शाखा ‘भारतीय जनता युवा मोर्चा’ ने आरोपी के मकान में आग लगा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन अतार्किक है क्योंकि सरकार पहले ही मामले की जांच एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) से कराने की उसकी मांग मान चुकी है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि केंद्र में सत्तासीन होने के कारण भारतीय जनता पार्टी अगर चाहे तो नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के केवल फोन करने पर आसानी से राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच शुरू करा सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा स्थिति का फायदा उठा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY