देश की खबरें | मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण के बाद नेतृत्व परिवर्तन पर बोलना उचित नहीं : डी के शिवकुमार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के बारे में सिद्धरमैया के स्पष्टीकरण के बाद नेतृत्व परिवर्तन पर बोलना उचित नहीं है।
बेंगलुरु, 11 जुलाई कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के बारे में सिद्धरमैया के स्पष्टीकरण के बाद नेतृत्व परिवर्तन पर बोलना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा था कि वह पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
शिवकुमार ने नयी दिल्ली से लौटने के बाद बेंगलुरु हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री पहले ही आपके सभी सवालों का जवाब दे चुके हैं। मेरे लिए उसे दोहराते रहना उचित नहीं है, और आपके लिए भी पूछते रहना उचित नहीं है।’’
सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों इस सप्ताह की शुरुआत में कांग्रेस आलाकमान से मिलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में थे।
शिवकुमार ने इन अटकलों को खारिज किया कि बातचीत सत्ता-साझाकरण व्यवस्था के बारे में थी। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम नहीं घबरा रहे हैं, तो आप (पत्रकारों की ओर इशारा करते हुए) हमारे आंतरिक मामलों को लेकर क्यों घबरा रहे हैं?’’
मई 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच प्रतिस्पर्धा थी। उस समय खबरों में कहा गया था कि वे बारी-बारी से ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने के फॉर्मूले पर सहमत हुए हैं। हालांकि, पार्टी ने कभी भी इस तरह के समझौते की पुष्टि नहीं की।
मुख्यमंत्री पद को लेकर उनके लिए पार्टी के भीतर बढ़ते समर्थन के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘छोड़िए। आपमें से कई लोगों की भी आकांक्षाएं हैं।’’ उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन के बारे में सवालों पर और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस समय आपके किसी भी सवाल का जवाब नहीं देने जा रहा हूं।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली दौरे के दौरान कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने बोर्ड और निगमों के अध्यक्षों और सदस्यों के रूप में पार्टी कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों पर चर्चा की। चूंकि, सभी विधायकों ने अपनी राय दे दी है, हम अब अंतिम चरण में हैं। आलाकमान के साथ एक और दौर की चर्चा से नामों को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी।’’
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि शीर्ष पद के लिए ‘‘कोई रिक्ति’’ नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक के लिए पार्टी के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने किसी भी नेतृत्व परिवर्तन से स्पष्ट रूप से इनकार किया है और शिवकुमार ने भी यही बात कही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

