देश की खबरें | कांग्रेस विधायक के खिलाफ न्यायालय में इस्तगासा पेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. थानाधिकारी के साथ फोन पर गाली गलौज और धमकी देने का कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के मामले में कांग्रेस विधायक राजेंद्र बिधूड़ी के खिलाफ अदालत में इस्तगासा पेश किया गया है।
जयपुर, पांच मार्च थानाधिकारी के साथ फोन पर गाली गलौज और धमकी देने का कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के मामले में कांग्रेस विधायक राजेंद्र बिधूड़ी के खिलाफ अदालत में इस्तगासा पेश किया गया है।
पुलिस बयान के अनुसार भैसरोडगढ के तत्कालीन थानाधिकारी, उपनिरीक्षक संजय कुमार की ओर से रावतभाटा की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अदालत में बेगू (चित्तौड़गढ़) से कांग्रेस विधायक राजेंद्र बिधूड़ी के खिलाफ भादंसं की धारा 186, 189 के तहत इस्तगासा दायर किया गया है।
अदालत में प्रार्थी उपनिरीक्षक संजय कुमार के बयान दर्ज किए गए हैं जबकि मामले में अगली सुनवाई सात मार्च को होगी।
जांच में विधायक विधूड़ी ने थानाधिकारी से फोन पर गाली गलौज कर डराना, धमकाना व राज कार्य नहीं करने देना पाया गया। राजकार्य बाधित होना पाए जाने पर विधायक के खिलाफ इस्तगासा दायर गया किया है।
उल्लेखनीय है कि विधायक और थानाधिकारी की बातचीत की कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद विपक्षी भाजपा ने यह मामला शुक्रवार को राज्य विधानसभा में उठाया और मामले की जांच की मांग की। संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने सदन को मामले की जांच का आश्वासन दिया।
भैसरोडगढ थानाधिकारी संजय कुमार और बेगू (चित्तौड़गढ़) से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र बिदुडी के बीच कथित बातचीत दो मार्च को हुई थी। सात मिनट 37 सेकंड की कथित ऑडियो क्लिप में विधायक को कथित रूप से थानाधिकारी को एक आपराधिक मामले में आरोपी को गिरफ्तारी की मांग करते हुए दुर्व्यवहार करते हुए सुना जा सकता है।
थानाधिकारी ने बाद में चित्तौड़गढ़ की पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन से बृहस्पतिवार को मुलाकात कर लिखित शिकायत दी है और उसका स्थानांतरण पुलिस लाईन में करने का आग्रह किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ऑडियो क्लिप की रिकॉर्डिंग भी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि थानाधिकारी को उनके आग्रह पर पुलिस लाइन भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2022 12:17 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

