खेल की खबरें | महिला मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा इस्तांबुल, पुरूषों के समान होगी पुरस्कार राशि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. महिलाओं की मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप दिसंबर के शुरू में इस्तांबुल में करायी जायेगी जिसमें कुल 2.6 करोड़ डॉलर की पुरस्कार राशि दी जायेगी जो पुरूषों की प्रतियोगिता के बराबर ही है।

लुसाने, दो अक्टूबर महिलाओं की मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप दिसंबर के शुरू में इस्तांबुल में करायी जायेगी जिसमें कुल 2.6 करोड़ डॉलर की पुरस्कार राशि दी जायेगी जो पुरूषों की प्रतियोगिता के बराबर ही है।

खेल की विश्व संचालन संस्था लैंगिक समानता हासिल करना चाहती है और यह कदम इसी कड़ी में उठाया गया है।

यह घोषणा एआईबीए अध्यक्ष उमर क्रेमलेव के इस्तांबुल के आधिकारिक दौरे के दौरान खेल की शीर्ष संस्था और तुर्की मुक्केबाजी महासंघ के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर के बाद की।

अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘आधिकारिक रूप से पुष्टि की जाती है कि एआईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित की जायेगी। ’’

क्रेमलेव ने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि एआईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप यहां इस्तांबुल में होगी। ’’

उन्होंने खेल में लैंगिक समानता हासिल करने पर जोर दिया और कहा, ‘‘मुक्केबाजी खेल में लैंगिक समानता हासिल करना हमारे मुख्य लक्ष्यों में से एक है। मुझे यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि इसमें पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि पुरूष विश्व चैम्पियनशिप की पुरस्कार राशि के बराबर ही होगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘एआईबीए के 75 साल के इतिहास में पहली बार पदक विजेताओं को एआईबीए से इतनी पुरस्कार राशि दी जायेगी। ’’

क्रेमलेव ने कहा, ‘‘इसमें 2.6 करोड़ डॉलर की पुरस्कार राशि होगी जिसमें प्रत्येक वजन वर्ग में पहले स्थान पर रहने वाली मुक्केबाज को 100,000 डॉलर मिलेंगे। रजत पदक विजेताओं को 50,000 डॉलर और कांस्य पदक जीतने के लिये 25,000 डॉलर मिलेंगे। ’’

विश्व चैम्पियनशिप के लिये भारतीय महिला टीम की घोषणा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के बाद की जायेगी जो हरियाणा के हिसार में 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now